करनाल। हरियाणा के करनाल जिले से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां पक्के पुल के पास एक कलयुगी भाई ने अपने ही सगे भाई की कांच की बोतल से गला काटकर बेरहमी से हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही करनाल पुलिस तुरंत एक्शन में आई और मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को महज कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी भाई को देर रात पुलिस कड़ी सुरक्षा के बीच मेडिकल जांच के लिए जिला नागरिक अस्पताल लेकर पहुंची। पुलिस आज आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है।
नशे की लत ने बनाया हैवान, परिवार से पैसे न मिलने पर सगे भाई पर किया जानलेवा हमला
करनाल के सेक्टर बत्तीस-तेतीस थाना प्रभारी जगदीश कुमार ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस को कल एक युवक की हत्या किए जाने की सूचना मिली थी। मृतक की पहचान कमल के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि आरोपी भाई कपिल गंभीर रूप से नशे का आदी है। वह अपनी नशे की लत को पूरा करने के लिए पिछले कुछ दिनों से अपने ही परिवार के लोगों से पैसों की मांग कर रहा था। घटना वाले दिन भी उसने घर में पैसों के लिए विवाद किया। जब परिवार ने उसे पैसे देने से साफ इनकार कर दिया, तो गुस्से में आकर उसने पास ही पड़ी कांच की बोतल से कमल के गले पर जोरदार वार कर दिया।
वारदात के बाद भागने की फिराक में था आरोपी
कांच की बोतल से गला कटने के कारण कमल जमीन पर गिर गया और अत्यधिक खून बह जाने की वजह से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस खूनी वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कपिल मौके से फरार हो गया था और शहर से बाहर भागने की फिराक में था। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस की एक विशेष टीम ने नाकेबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को आज कोर्ट में पेश कर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और रिमांड के दौरान उससे आगे की पूछताछ की जाएगी।

