कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में भीषण गर्मी के बीच पीने के पानी को लेकर अब विवाद खूनी संघर्ष में बदलने लगे है। ताजा मामला सिकंदर कम्पू क्षेत्र से सामने आया है। जहां पानी को लेकर हुए विवाद में छोटे भाई पर बड़े भाई को पीट पीट कर अधमरा करने और देवरानी पर जेठानी की आंखों में मिर्ची भर देने का आरोप लगा है। पीड़ित परिवार अब न्याय के साथ पानी के कनेक्शन के लिए दर दर भटक रहा है।

खूनी संघर्ष में बदला मुंहवाद

दरअसल, ग्वालियर में पारा 45 डिग्री के ऊपर पहुंच चुका है। वहीं कई जगहों पर पानी की किल्लत के साथ पानी भरने को लेकर विवाद के मामले भी सामने आ रहे है। ऐसा ही एक मामला खटीक की पुलिया सिकंदर कम्पू से सामने आया है। जहां राजेंद्र खटीक नाम के व्यक्ति का घर में ही छोटे भाई सोनू और पिता अशोक खटीक से विवाद हो गया। घर में पानी का एक कनेक्शन होने के चलते पानी भरने को लेकर आय दिन होने वाला मुंहवाद खूनी संघर्ष में बदल गया।

ये भी पढ़ें: किरायेदार बना दरिंदा: महिला को कमरे में बुलाकर किया दुष्कर्म, विरोध करने पर पीटा; आंख में आई चोट

बिल बकाया होने पर जुगाड़ से लिया कनेक्शन

आरोप है कि हर रोज की तरह जब राजेंद्र नल से पानी भर रहा था, तभी छोटे भाई ने नल की लेजम को फेंक दिया। जब इसका विरोध किया तो जैसे तैसे झगड़ा शांत हुआ। इस बीच राजेंद्र ने नल कनेक्शन के लिए निगम के एक कर्मचारी से संपर्क किया। उसने बताया कि पिता अशोक के नाम से नल कनेक्शन का पूर्व से 40 हजार रुपये का पानी का बिल बकाया है। ऐसे में जुगाड़ से 02 हजार रुपये में कनेक्शन मिल सकता है।

कनेक्शन करने वाले ने पड़ोसी की लाइन काटी, फिर शुरू हुआ खूनी संघर्ष

पानी की आस में राजेंद्र ने भी 02 हजार देकर अवैध कनेक्शन ले लिया। लेकिन उसे पता नहीं था कि कनेक्शन देने वाले ने पड़ोसी की लाइन काटकर उसकी लाइन जोड़ दी है। जब अगले दिन फिर छोटे भाई से पानी को लेकर विवाद हुआ, तब पड़ोसी भी उसमें शामिल हो गया। क्यों कि पड़ोसी अपने घर की पानी की लाइन काटने पर भड़का हुआ था। ऐसे में आरोप है कि छोटे भाई सोनू और पड़ोसी छोटू ने राजेंद्र की लाठी डंडे सरिए से मारपीट कर लहूलुहान कर दिया।

ये भी पढ़ें: 23 मोबाइल, 3 लैपटॉप और 42 ATM… गिरोह का सरगना घर से चला रहा था ठगी का कारोबार, क्राइम ब्रांच के छापे में हुए कई खुलासे

देवरानी में मुंह से जेठानी का हाथ कांटा, आंखों में मिर्ची भर दी

अधमरी हालात में जहां राजेंद्र को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। वहीं घर पर छोटे भाई सोनू की पत्नी ने भी राजेंद्र की पत्नी ललिता (जेठानी) को बेटी के साथ मिलकर पीटा। ललिता ने आरोप लगाया है कि देवरानी ने उसके हाथ पर मुंह से काटा। साथ ही उसकी आंखों में मिर्ची भर दी। ऐसे में पानी को लेकर हुए खूनी संघर्ष से पीड़ित पति-पत्नी अपने दोनों बच्चों के साथ SP ऑफिस पहुंचे।

झूठी FIR का भी लगाया आरोप

पीड़ित ने शिकायती आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। उनका आरोप है कि गंभीर चोट होने के बावजूद उनकी थाने पर सुनवाई नहीं हो रही है, उल्टा उनके ऊपर झूठी FIR गिरवाई थाने में दर्ज कर ली गयी है। उनका कहना है कि आरोपियों पर FIR दर्ज हो, साथ ही उन्हें पानी का कनेक्शन मिले ताकि पानी को लेकर होने वाले बार-बार के झगड़े को खत्म किया जा सके।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m