करनाल। हरियाणा के करनाल जिले के बड़ा गांव में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां महज 12 एकड़ जमीन के बंटवारे के विवाद में एक पोते ने अपने ही 70 साल के सगे दादा दर्शन सिंह की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी पोते सोनू ने पॉइंट ब्लैंक रेंज यानी बिल्कुल पास से बुजुर्ग दादा की छाती पर फायर झोंक दिया। गोली लगते ही दर्शन सिंह जमीन पर गिर गए और तड़प-तड़प कर मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया। इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पोता गांव की गलियों में सरेआम हथियार लहराता हुआ अपनी बाइक से फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल को सील करके जांच तेज कर दी है।

बाड़े में पहले से छिपा रखा था कट्टा, चिल्लाने की आवाज आई और चल गईं गोलियां

लोकल रिपोर्टर की पड़ताल में सामने आया है कि यह पूरी वारदात गुरुवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे की है। इंद्री के डीएसपी सतीश गौतम ने बताया कि आरोपी सोनू ने बेहद शातिर तरीके से इस हत्याकांड की साजिश रची थी। वह दोपहर को अपने दादा दर्शन सिंह को बाइक पर बैठाकर घर के पास बने बाड़े (पशुओं को रखने की जगह) में लेकर आया था। सोनू ने वहां पहले से ही अवैध हथियार छिपाकर रखा हुआ था। एक चश्मदीद गवाह ने बताया कि बाड़े से दर्शन सिंह के जोर-जोर से चिल्लाने की आवाज आ रही थी। दोनों के बीच तीखी बहस हो रही थी कि तभी अचानक सोनू ने दर्शन सिंह पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। बाड़े से एक के बाद एक चार फायर होने की आवाज आई और बुजुर्ग दर्शन सिंह वहीं ढेर हो गए।

ढाई एकड़ की मां की जमीन बड़े भाई को मिलने से भड़का था पोता सोनू

मृतक बुजुर्ग की बड़ी बेटी नारो देवी ने बताया कि उनके बड़े भाई बहादुर की पहले ही मौत हो चुकी है और सोनू उन्हीं का बेटा है। सोनू अपनी मां के साथ अलग घर में रहता है। नारो देवी के मुताबिक, उनके पिता दर्शन सिंह के पास कुल 12 एकड़ जमीन थी। इसमें से ढाई एकड़ जमीन उनकी मां के नाम पर थी, जो मां की मौत के बाद बड़े भाई के परिवार को मिल गई थी।

पिता ने पांच एकड़ जमीन बाकी बेटों के नाम की

इसके अलावा पिता ने पांच एकड़ जमीन बाकी बेटों के नाम कर दी थी और बची हुई जमीन अपने पास रखी थी। सोनू इसी बंटवारे से नाराज था और अक्सर दादा से झगड़ा करता था। नारो देवी ने यह भी बताया कि सोनू की मां क्रिश्चियन धर्म अपना चुकी है और वे दोनों मिलकर दर्शन सिंह को लंबे समय से प्रताड़ित कर रहे थे। पुलिस को आरोपी की बाइक पास के बुढाखेड़ा गांव में लावारिस हालत में मिली है और पुलिस की कई टीमें उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही हैं।