० विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में समय से पहले कार्य पूरा करने पर मिला सम्मान, मतदाता सूची की शुद्धता में निभाई अहम भूमिका
राकेश कथूरिया ,कैथल। कलायत विधानसभा क्षेत्र में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को निर्वाचन पंजीयन अधिकारी-कम-एसडीएम कलायत अजय हुड्डा ने प्रशंसा-पत्र देकर सम्मानित किया।
एसडीएम ने बताया कि बूथ नंबर 168 की बीएलओ सुनीता (जेबीटी) और बूथ नंबर 93 के बीएलओ कुलदीप (जेबीटी) को निर्वाचन संबंधी कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन, निर्धारित समय से पहले फील्ड सत्यापन पूरा करने, मतदाता पंजीकरण, मतदाताओं को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने तथा निर्वाचन नामावली की शुद्धता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर अजय हुड्डा ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में बीएलओ की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की सफलता में उनकी ईमानदारी, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा का अहम योगदान रहा है। बीएलओ के अथक प्रयासों से मतदाता सूची की शुद्धता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता सुनिश्चित हो सकी है।
उन्होंने अन्य बीएलओ से भी अपील की कि वे अपने निर्वाचन संबंधी कार्यों को समयबद्ध और पूरी जिम्मेदारी के साथ जल्द पूरा करें, ताकि अभियान को सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।

