बृहन्मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (BMC) ने कोलाबा स्थित ताज महल पैलेस होटल को करीब 22 करोड़ रुपये का नोटिस जारी किया है. यह बकाया शुल्क का नोटिस 26/11 के मुंबई आतंकी हमलों के बाद होटल के बाहर सुरक्षा के लिए लगाए गए बैरिकेड्स और बोलार्ड्स को लेकर जारी किया गया है. इस मुद्दे पर होटल प्रबंधन ने छूट की मांग की है जिसे लेकर अभी बातचीत चल रहीं है.

2008 के मुंबई आतंकी हमलों के बाद ताज महल पैलेस होटल के चारों ओर बोलार्ड और बैरिकेड्स लगाए गए थे. इसका उद्देश्य होटल की सुरक्षा को मजबूत करना था. 

BMC का कहना है कि सार्वजनिक सड़क और फुटपाथ पर स्थायी या अर्ध-स्थायी सुरक्षा अवरोध लगाने के लिए निर्धारित शुल्क देना अनिवार्य है. BMC के नियमों के मुताबिक, पब्लिक सड़कों और फुटपाथ पर बैरियर लगाने के लिए फीस ली जाती है. यह फीस 2008 से पेंडिंग है और अब इसकी रकम 22 करोड़ रुपये हो गई है. 

इसके विपरीत ताज होटल प्रबंधन का कहना है कि बैरियर्स किसी व्यावसायिक उद्देश्य से नहीं, बल्कि आम लोगों और होटल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगाए गए थे. इसलिए बकाया शुल्क को माफ किया जाए या फिर इस शुल्क में विशेष राहत दी जाए.

आपको बताते चले कि यह कोई नया मामला नहीं है. 2020 में, शिवसेना (UBT) के नेतृत्व वाली स्टैंडिंग कमिटी ने करीब 10 करोड़ रुपये की छूट को मंजूरी दी थी. हालांकि, 2025 में राज्य द्वारा नियुक्त एडमिनिस्ट्रेटर द्वारा प्रस्ताव वापस लेने के बाद यह मामला फिर से पेंडिंग है.

हालांकि, BMC और होटल प्रबंधन के बीच बातचीत जारी है. संभावना है कि अगले सप्ताह इस मामले में कोई अंतिम निर्णय लिया जा सकता है. म्युनिसिपल अधिकारियों ने कहा कि होटल ने कुछ रकम चुका दी है, लेकिन अभी भी काफी बकाया है.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m