० कुरुक्षेत्र के दबखेड़ी के पास भाखड़ा नहर से बरामद हुआ शव; जंगल में लावारिस मिली थी बाइक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
कुरुक्षेत्र। हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में एक 17 वर्षीय किशोर का शव भाखड़ा नहर से मिलने के बाद सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अंबाला जिले के नई निहारसी निवासी अभिजोत के रूप में हुई है। अभिजोत 15 जुलाई से लापता था और परिवार पिछले कई दिनों से उसकी तलाश में जुटा हुआ था।
परिजनों के मुताबिक, 15 जुलाई की दोपहर करीब दो बजे अभिजोत अपनी बाइक (HR-01AW-0658) से घर से निकला था। उसने काले रंग की टी-शर्ट और कैपरी पहन रखी थी। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे उसकी अपने पिता निर्मल सिंह से मोबाइल पर आखिरी बार बात हुई। इसके बाद उसका फोन बंद हो गया और वह घर नहीं लौटा।
तलाश के दौरान उसकी बाइक नहर से करीब सात किलोमीटर दूर जंगल में लावारिस हालत में मिली। इसके बाद परिजनों ने अंबाला के नग्गल थाना क्षेत्र की पुलिस चौकी में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी।
शनिवार सुबह कुरुक्षेत्र के दबखेड़ी गांव के पास नरवाना ब्रांच (भाखड़ा) नहर में एक शव दिखाई देने की सूचना मिली। सूचना पर पहुंचे गोताखोर प्रगट सिंह ने शव को बाहर निकाला। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान अभिजोत के रूप में की।
मृतक के पिता निर्मल सिंह ने आरोप लगाया कि उनका बेटा घटना वाले दिन कुछ दोस्तों के साथ जनसुई हेड की ओर गया था और उसके बाद वापस नहीं लौटा। उन्होंने आशंका जताई कि दोस्तों ने ही उसकी हत्या कर शव नहर में फेंक दिया। उन्होंने मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस हत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

