पंकज श्रीवास्तव, छपरा। बिहार के सारण जिले से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है, जहां आज रविवार को एक अपहृत दलित किशोरी की बेरहमी से हत्या कर उसके शव को गंडक नहर में फेंक देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने युवती का शव बरामद कर लिया है। घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैली हुई है। वहीं, लोगों में भय का भी माहौल बना हुआ है। पूरा मामला तरैया थाना क्षेत्र के मुरलीपुर गांव का है।

युवती के चेहरे पर मिले जख्म के गहरे निशान

घटना के सामने आने के बाद से परिजनों और स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश का माहौल है। युवती के चेहरे पर गंभीर जख्म के निशान भी मिले हैं, जिसे लेकर मृतका के परिजनों ने अपनी बेटी के साथ पहले दुष्कर्म किए जाने और फिर उसके बाद उसकी हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। यह घटना युवती के अपहरण के 24 घंटे बाद सामने आई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।

परिजनों ने मंटू नाम के व्यक्ति पर लगाया आरोप

मृतका के परिवार ने थाने पहुंचकर शाहनेवाजपुर गांव निवासी मंटू नामक व्यक्ति पर इस पूरी घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया है। मृतका की मां ने आरोप लगाया है कि शाहनेवाजपुर गांव के मंटू राय ने शनिवार सुबह उनकी बेटी का अपहरण किया था। जिसको लेकर उन्होंने शनिवार को ही स्थानीय थाने में शादी की नीयत से अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। मृतिका के मां का आरोप है कि आरोपी ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर उनकी बेटी के साथ पहले दुष्कर्म किया, फिर उसकी हत्या कर शव को नहर में फेंक दिया।

चेहरे पर तेजाब फेंकने का आरोप

परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि दुष्कर्म के बाद युवती के चेहरे पर तेजाब फेंका गया था। मृतका की मां ने थाने के चौकीदार पर भी पूर्व के एक मामले में सुलह न होने के कारण हत्या करवाने का आरोप लगाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मढ़ौरा-2-मसरख एसडीपीओ संजय कुमार सुधांशु और मसरख इंस्पेक्टर इंद्रजीत महतो तरैया थाने पहुचे और युवती के परिजनों से घटना की जानकारी ली। उन्होंने मामले की पूरी पारदर्शिता के साथ जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया है। थानाध्यक्ष सत्यम प्रताप ने बताया कि, घटना के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है और सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें- शर्मनाक: कलयुगी पिता ने डेढ़ साल तक नाबालिग बेटी के साथ बनाए जबरन शारीरिक संबंध, गिरफ्तार