Bihar Crime: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से पिता-बेटी के रिश्ते को शर्मसार कर देने वाली एक खबर सामने आई है, जहां एक कलयुगी पिता पर अपनी नाबालिग बेटी के साथ लंबे समय से जबरन शारीरिक संबंध बनाने का मामला सामने आया है। पीड़िता बेटी ने खुद अपने पिता के खिलाफ पुलिस को इसकी शिकायत दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया। पीड़िता के मुताबिक इस शर्मनाक घटना का विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी। आरोपी उसे इस बात की जानकारी किसी और को देने पर जान से मारने की धमकी भी देता था।

आरोपी पिता को न्यायिक हिरासत में भेजा

पीड़िता ने बताया कि बीते 17 अगस्त को उसने अपने बड़े पिता और बड़ी मां को इस पूरी घटना की जानकारी दी, जिसे सुनने के बाद उनके भी होश उड़ गए। उन्होंने जब इस बारे में आरोपी से पूछा तो उसने उन लोगों पर हमला करने के इरादे से धारदार हथियार (हंसिया और तलवार) लेकर उन्हें खदेड़ दिया। इस बीच बीते शुक्रवार को उसने फिर से पीड़िता के साथ दुष्कर्म करने प्रयास किया। इस दौरान मामले की सूचना डायल -112 पुलिस टीम को दी गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया और उसे शनिवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

आगे की कार्रवाई में जुटी पुलिस

पीड़िता के मुताबिक साल 2019 में उसकी मां का निधन हो गया था। उसके दो छोटे भाई भी हैं। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपी पिता लगभग डेढ़ साल से उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बना रहा था। विरोध करने पर वह उसके साथ मारपीट भी करता था। घटना को लेकर पीएसआई अनुराधा सहाय ने बताया कि आरोपित को शनिवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पीड़िता को महिला हेल्पलाइन के सुपुर्द किया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

ये भी पढ़ें- ‘नहीं लेने देंगे निर्दोषों की बलि’, तेजस्वी ने रोशन यादव मौत मामले में NHRC को लिखा पत्र