Bihar Crime: बिहार के गयाजी जिले से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है, जहां आज गुरुवार को घर में अकेली रह रही 45 साल की एक मूक-बधिर महिला का नग्न हालत में शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित मल्लाह टोली की है। घर में महिला का शव मिलने की खबर मिलते ही मौके पर आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। वहीं, सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की छानबीन में जुट गई।
दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका
ऐसी आशंका जताई जा रही है कि महिला के साथ पहले दुष्कर्म किया गया, फिर उसकी हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान गोंगी देवी के रूप में हुई है, जो मूक-बधिर थीं और घर में अकेली रहती थीं। उनके पति कृष्णा साव की तीन साल पहले मौत हो चुकी थी और उन्हें कोई संतना नहीं था।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर जांच के लिए डॉग स्क्वायड और एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से कुछ जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। बताया जाता है कि गोंगी देवी के घर का दरवाजा लकड़ी का और काफी पुराना था। आशंका है कि दरवाजे को खोलकर अज्ञात अफराधी घर के अंदर घुसे और घटना को अंजाम देने के बाद घर का सामान लेकर फरार हो गए।
घर में बिखरे हुए मिले कपड़े
घटनास्थल पर कपड़े बिखरे हुए मिले, जिसे लेकर स्थानीय लोगों के बीच इस बात की चर्चा है कि महिला के साथ दुष्कर्म किया गया है और फिर उसकी हत्या कर दी गई। हालांकि पुलिस की तरफ से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान या पुष्टि नहीं आई है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच को आगे बढ़ा रही है।
घटना की सूचना मिलने के बाद सिटी एसपी अभिनव कुमार समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान सिटी एसपी अभिनव कुमार ने बताया कि महिला की मौत के मामले में सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि महिला के साथ दुष्कर्म हुआ था या नहीं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
ये भी पढ़ें- गयाजी में युवक-युवती से छेड़छाड़ करने वाले 8 गिरफ्तार, एक नाबालिग भी धराया

