गयाजी। महुआडीह पहाड़ी पर घूमने गए एक युवक और उसकी महिला मित्र को कुछ मनचलों ने न सिर्फ बंधक बनाया, बल्कि उनके साथ मारपीट कर अभद्रता भी की। आरोपियों ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर पीड़ित से 20 हजार रुपए की रंगदारी मांगी। पैसे न मिलने पर वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत 8 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जिसमें एक नाबालिग भी शामिल है।

​ स्पार्क प्लग निकालकर की गई घेराबंदी

​गुरुआ थाना क्षेत्र के चाल्होपुर निवासी 20 वर्षीय सुहैल अनवर ने शेरघाटी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित के अनुसार, वह 28 अगस्त को अपनी महिला मित्र के साथ महुआडीह पहाड़ी पर घूमने गया था। उसी दौरान अचानक 5-6 स्थानीय युवकों ने उन्हें घेर लिया और बिना किसी बात के गाली-गलौज व मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित वहां से भाग न सकें, इसके लिए आरोपियों ने उनकी बाइक का स्पार्क प्लग निकाल दिया और टायर की हवा भी निकाल दी।

​20 हजार दो, वरना वायरल कर देंगे वीडियो

​भागने का रास्ता बंद करने के बाद आरोपियों ने अपने मोबाइल से इस पूरी बदसलूकी और मारपीट का वीडियो रिकॉर्ड करना शुरू कर दिया। वीडियो बनाने के बाद आरोपियों ने सीधे तौर पर ब्लैकमेलिंग शुरू कर दी। उन्होंने सुहैल से कहा कि यदि 20 हजार रुपए नहीं दिए, तो वे इस वीडियो को इंटरनेट पर अपलोड कर देंगे। पीड़ित द्वारा असमर्थता जताए जाने पर बेखौफ आरोपियों ने वीडियो को इंस्टाग्राम पर डाल दिया, जो कुछ ही देर में तेजी से वायरल हो गया।

​वायरल वीडियो बना पुलिस के लिए सबसे बड़ा सबूत

​सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद जब मामला तूल पकड़ा, तो पीड़ित ने 29 सितंबर को शेरघाटी थाने में एफआईआर दर्ज कराई। वायरल वीडियो और फुटेज पुलिस के लिए सबसे बड़ा सबूत साबित हुए। शेरघाटी पुलिस ने बिना समय गंवाए वीडियो के आधार पर आरोपियों के चेहरे ट्रेस करने शुरू किए और घटना में इस्तेमाल किया गया मुख्य मोबाइल भी जब्त कर लिया।

​संगठित वसूली और साइबर क्राइम का मामला

​एसएसपी सुशील कुमार के अनुसार, यह मामला सिर्फ दो लोगों के साथ मारपीट या बदसलूकी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह संगठित रूप से घेरकर वसूली और साइबर क्राइम का गंभीर मामला बनता है। पुलिस डिजिटल फोरेंसिक जांच के जरिए यह पता लगा रही है कि वीडियो को किन-किन प्लेटफॉर्म्स और ग्रुप्स में शेयर किया गया था। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस घटना में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।