धनेश विद्यार्थी, रेवाड़ी/बावल। दिल्ली-जयपुर हाईवे स्थित गांव चांदूवास में गुरुवार सुबह गांव निवासी प्रताप सिंह पुत्र स्वर्गीय गोविंद सिंह की गहरे नाले में गिरने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बावल पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सुबह घर से निकले थे प्रताप सिंह
जानकारी के अनुसार, प्रताप सिंह रोज की तरह गुरुवार तड़के घर से टहलने निकले थे। कुछ देर बाद गांव में गंदे पानी की निकासी के लिए बने पक्के नाले में उनका शव मिला। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।
सरपंच ने पुलिस को दी सूचना
ग्राम सरपंच सुभाष सिंह को घटना की जानकारी मिलने पर उन्होंने तुरंत बावल पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया।
माता-पिता का पहले ही हो चुका था निधन
ग्राम सरपंच सुभाष सिंह, करण सिंह, लक्ष्मण सिंह, गुलाब सिंह, राम सिंह और विजेंद्र सिंह ने बताया कि प्रताप सिंह अविवाहित थे। उनके माता-पिता का करीब 18 वर्ष पहले निधन हो चुका था। उनकी एक विवाहित बहन प्रेम देवी फरीदाबाद में अपने परिवार के साथ रहती हैं। ग्रामीणों के अनुसार, प्रताप सिंह मानसिक रूप से परेशान रहते थे और अक्सर गांव से करीब 6 किलोमीटर दूर बावल शहर तक पैदल चले जाते थे।
बारिश के कारण हादसे की आशंका
ग्रामीणों का अनुमान है कि रात की बारिश के कारण सड़क पर पानी भरा था। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वे नाले में गिर गए। राहगीरों ने उन्हें नाले में देखा तो इसकी सूचना ग्राम सरपंच को दी।
बहन के बयान पर आगे की कार्रवाई
जांच अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि मृतक की बहन प्रेम देवी के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पंचनामा और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद देर शाम शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


