सिरसा। हरियाणा के सिरसा जिले से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। सिरसा में कसाबा माइनर के पास एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। आज सुबह जब ग्रामीणों की नजर माइनर के पास पड़ी तो उन्होंने देखा कि एक युवक मृत अवस्था में पड़ा हुआ है। इस घटना की जानकारी तुरंत गांव के सरपंच और अन्य लोगों को दी गई। कुछ ही देर में पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस अब इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और मृतक की पहचान करने की कोशिश जारी है।

माइनर में पानी कम होने से सामने आया शव

यह पूरी घटना मौजदीन गांव की है। यहां घग्गर नदी से कसाबा माइनर निकलती है। इन दिनों माइनर में पानी काफी कम था, जिसके कारण युवक का शव बहते हुए किनारे पर आकर अटक गया। युवक का चेहरा नीचे की तरफ था और उसके हाथ व पांव मिट्टी में दबे हुए मिले। मृतक की उम्र करीब 25 से 30 साल के बीच बताई जा रही है। सदर थाना पुलिस ने हर एंगल से इस मामले की जांच शुरू कर दी है।

कपड़ों और निशानों से पहचान की कोशिश

शव की पहचान के लिए पुलिस को कुछ खास निशान मिले हैं। मृतक युवक की आईब्रो पर कैंची कट का निशान बना हुआ है और उसने एक खास ब्रांड की टी-शर्ट पहनी हुई है। इसके अलावा उसके पास से एक मोबाइल का चार्जर भी बरामद हुआ है। पुलिस को यह भी पता चला है कि ऐलनाबाद थाने से एक 35 साल का युवक पिछले कुछ दिनों से लापता है और उसके परिजन भी उसकी लगातार तलाश कर रहे हैं। इस बात को ध्यान में रखते हुए सदर थाना पुलिस ने ऐलनाबाद थाने से संपर्क साध लिया है ताकि लापता युवक के बारे में सही जानकारी मिल सके।

मौके पर जुटी ग्रामीणों की भारी भीड़

शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। मौजदीन गांव की सरपंच पवनदीप कौर ने बताया कि सुबह ग्रामीणों ने ही माइनर में शव देखा था जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस लगातार मामले की जांच में जुटी हुई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m