बोकारो। पटना-रांची जनशताब्दी एक्सप्रेस शनिवार को बोकारो रेलवे स्टेशन पहुंची तो लोको पायलट की नजर इंजन के अगले हिस्से पर गई। वहां से आ रही दुर्गंध के बाद जब जांच की गई तो बफर के पास महिला का सिर फंसा मिला। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और शव के हिस्से को बाहर निकालकर जांच शुरू की।
इंजन की जांच में सामने आया मामला
बताया गया कि ट्रेन बोकारो स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर पहुंच चुकी थी। ट्रेन रुकने के बाद लोको पायलट नीचे उतरा। इसी दौरान उसे इंजन के आसपास असामान्य दुर्गंध महसूस हुई। संदेह होने पर उसने इंजन के अगले हिस्से को देखा, जहां महिला का सिर दिखाई दिया।
लोको पायलट ने तत्काल रेलवे सुरक्षा बल के जवानों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद GRP और RPF की टीम ने मौके पर पहुंचकर सिर को बाहर निकाला और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
सफेद बालों के आधार पर करीब 50 साल उम्र का अनुमान
पुलिस के अनुसार, बरामद सिर की अभी पहचान नहीं हो सकी है। शुरुआती तौर पर महिला की उम्र करीब 50 वर्ष होने का अनुमान लगाया जा रहा है। पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों और रेलवे मार्ग से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है।
महिला की मौत कैसे हुई? जांच जारी
सबसे बड़ा सवाल यह है कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उसका सिर ट्रेन के इंजन के अगले हिस्से तक कैसे पहुंचा। पुलिस इस पहलू की जांच कर रही है। रेलवे ट्रैक और आसपास के इलाकों में भी सुराग तलाशे जा रहे हैं।
जीआरपी और आरपीएफ अधिकारियों का कहना है कि महिला की पहचान होने के बाद घटना से जुड़े कई सवालों के जवाब मिलने की उम्मीद है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।



