चतरा। शहर के किशुनपुर मोहल्ले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके में मातम पसरा दिया। सड़क किनारे खड़े ट्रक से तेज रफ्तार बोलेरो की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बोलेरो सवार 28 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।हादसा किशुनपुर में लखन मिस्त्री के घर के पास हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
ट्रक से टकराते ही मची चीख-पुकार
जानकारी के अनुसार, किशुनपुर निवासी सरयू राणा के 28 वर्षीय बेटे बसंत राणा बोलेरो से बधार की ओर से आ रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े ट्रक के पास पहुंचते ही कार अनियंत्रित होकर उससे जा टकराई।
टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में बसंत राणा ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि कार में सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर जुटी भीड़
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की तैयारी की गई। हादसे की सूचना के बाद स्थानीय स्तर पर घटना को लेकर लोगों में भी अफरा-तफरी का माहौल रहा।पुलिस मामले की जानकारी जुटाने के साथ हादसे के कारणों की जांच कर रही है।



