कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्रबोस अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर इंडिगो की एक फ्लाइट में बम की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया. फुकेत से कोलकाता पहुंची एक उड़ान के शौचालय में बम की धमकी वाला संदेश मिलने के बाद विमान को आइसोलेशन बे में ले जाया गया. इसके बाद यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर विमान की सघन तलाशी ली गई. संदेश की जानकारी मिलते ही एयरपोर्ट प्रशासन ने सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत कार्रवाई शुरू कर दी.

फुकेत से आई फ्लाइट के टॉयलेट में धमकी भरा संदेश लिखा मिला. जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. इस दौरान सुरक्षा एजेंसियों ने विमान के अंदर मौजूद सामान और अन्य हिस्सों की तलाशी ली.

 नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शनिवार को लगातार दूसरे दिन बम की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया. कोलकाता एयरपोर्ट पर शनिवार को फुकेत से पहुंची एक फ्लाइट के टॉयलेट में बम की धमकी वाला संदेश मिला. संदेश की जानकारी मिलते ही एयरपोर्ट प्रशासन ने सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत कार्रवाई शुरू कर दी.

हवाई अड्डे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलने के बाद केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF), बम निरोधक दस्ते और एयरपोर्ट पुलिस ने विमान की जांच की. तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली.

अधिकारियों को शुरुआती तौर पर आशंका है कि धमकी भरा संदेश दहशत फैलाने के इरादे से लिखा गया हो सकता है. हालांकि, अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है. शुक्रवार को भी एयरपोर्ट के महिलाओं के शौचालय में हाथ से लिखा एक नोट मिला था. इस नोट में बोर्डिंग गेट पर बम होने की धमकी दी गई थी. लगातार दो दिनों में ऐसी घटनाएं सामने आने के बाद एयरपोर्ट प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी और कड़ी कर दी है.

विधाननगर सिटी पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि धमकी भरा संदेश लिखने वाले व्यक्ति की पहचान करने के लिए यात्रियों की सूची और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m