कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती एक नाबालिग को भारी पड़ गई। राजस्थान के एक युवक ने रिश्तेदारों से मिलवाने का झांसा देकर नाबालिग को होटल बुलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। यही नहीं दुष्कर्म के बाद युवक ने पीड़िता को उसके फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर चुप रहने को मजबूर किया। बाद में परिजनों को इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए मामला पुलिस थाने में दर्ज कराया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

ये भी पढ़ें: लखनऊ अग्निकांड के बाद इंदौर में एक्शन: फायर सेफ्टी में मिली खामियां, 12 से ज्यादा कोचिंग सेंटर सील

क्या है पूरा मामला?

पड़ाव थाना पुलिस के मुताबिक आरोपी युवक ने सोशल मीडिया इंस्टग्राम के जरिए नाबालिग से संपर्क किया था। बातचीत बढ़ने के बाद वह ग्वालियर पहुंचा और रिश्तेदारों से मिलवाने का बहाना बनाकर उसे एक होटल ले गया। नाबालिग के होटल पहुंचने के बाद जबरन उससे दुष्कर्म को अंजाम दिया।

विरोध करने पर दी परिवार को जान से मारने की धमकी

पुलिस ने बताया कि युवक ने नाबालिग को जान से मारने की धमकी दी थी और किसी को कुछ बताने पर कुछ आपत्तिजनक फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी दी थी। जिससे डर कर पीड़िता काफी समय तक चुप रही। लेकिन बाद में उसने परिजनों को पूरी घटना बताई, जिसके बाद परिजनों ने शिकायत दर्ज कराई है।

ये भी पढ़ें: सूने मकान को निशाना बनाने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, 40 लाख की चोरी का खुलासा, 2 आरोपी फरार

दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज

शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया। पड़ाव थाना पुलिस का कहना है कि मामले में दोनों के बीच हुई चैट, कॉल डिटेल और अन्य डिजिटल सबूतों की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने इसी तरह किसी अन्य को भी निशाना बनाया है या नहीं। फिलहाल आरोपी फरार है और उसकी तलाश जारी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m