प्रदीप मालवीय, (नागदा) उज्जैन। नागदा में सूने मकान में हुई करीब 40 लाख रुपये की चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सात दिन तक लगातार दिन-रात मेहनत और सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से करीब 6 लाख रुपये के सोने के आभूषण और 70 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, नागदा क्षेत्र के एक बंद मकान का ताला तोड़कर अज्ञात बदमाश लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी कर ले गए थे। पीड़ित की शिकायत पर थाना नागदा में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (देहात) और एसडीओपी नागदा के मार्गदर्शन में 10 सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। टीम ने नागदा, उज्जैन, खाचरौद, इंदौर, महिदपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्य जुटाए।
लगातार जांच के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी रतलाम सिंह उर्फ रत्तु (26 वर्ष), निवासी ग्राम सिगनुर, थाना गोगांवा जिला खरगोन को थाना सनावद क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने दो साथियों दीपक सिकलीगर और शिवराज पिता हरपाल, निवासी गंधवानी जिला धार के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना कबूल किया। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे पहले इलाके की रेकी करते थे और फिर सूने तथा बंद मकानों को निशाना बनाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।
नागदा थाना प्रभारी अमृतलाल गवरी ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने ग्राम इनपुन पुनर्वास, थाना सनावद क्षेत्र से चोरी का माल बरामद किया, जिसमें लगभग 6 लाख रुपये के सोने के आभूषण और 70 हजार रुपये नकद शामिल हैं। फिलहाल मामले में शामिल दो अन्य आरोपी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ चोरी गया अन्य माल भी बरामद कर लिया जाएगा।

