एस.आर. रघुवंशी, गुना। मध्य प्रदेश के गुना जिले से दोस्ती को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। कैंट थाना क्षेत्र में महज 500 रुपये के लेनदेन के विवाद ने ऐसा तूल पकड़ा कि एक दोस्त ही दूसरे दोस्त की जान का दुश्मन बन बैठा। आरोपी ने अपने ही साथी पर चाकू से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया है।

ये भी पढ़ें: मऊगंज पुलिस के ‘फर्जी शिकायत सिंडिकेट’ का भंडाफोड़: आरक्षक लाइन अटैच, थाना प्रभारी को बचाने का खेल शुरू!

मुक्तिधाम के पास बुलाया और कर दिया हमला

जानकारी के अनुसार शनिवार देर रात आरोपी भूरा रघुवंशी ने अपने दोस्त सौम्य करोसिया को कैंट क्षेत्र के मुक्तिधाम के पास मिलने के लिए बुलाया था। दोनों के बीच पुराने 500 रुपये के लेनदेन को लेकर बातचीत शुरू हुई। देखते ही देखते यह बातचीत तीखी कहासुनी में बदल गई और दोनों के बीच हाथापाई होने लगी। विवाद को बढ़ता देख पीड़ित सौम्य ने फोन कर अपने परिजनों को भी मौके पर बुला लिया।

गुस्से में पेट पर किए ताबड़तोड़ वार

परिजनों के आते ही आरोपी भूरा रघुवंशी गुस्से में आग बबूला हो गया। उसने बिना सोचे-समझे अपनी जेब से चाकू निकाला और सौम्य के पेट पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। चाकू लगते ही सौम्य लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी वहां से फरार होने की कोशिश करने लगा।

अस्पताल में भर्ती, आरोपी हिरासत में

खून से लथपथ सौम्य को उसके परिजन तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत को गंभीर बताया है। फिलहाल अस्पताल में उसका इलाज जारी है।

ये भी पढ़ें: सिंगरौली की सड़कों पर ‘खूनी खेल’ होगा बंद! नो एंट्री में दौड़ रहे कोयला वाहनों पर सख्ती, कलेक्टर ने दिए FIR के निर्देश

घटना की सूचना मिलते ही कैंट थाना पुलिस तत्काल हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए देर रात ही आरोपी भूरा रघुवंशी को घेराबंदी कर हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) का केस दर्ज कर मामले को जांच में लिया है। महज 500 रुपये के पीछे हुए इस जानलेवा हमले से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m