कुंदन कुमार/ पटना। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने बहुप्रतीक्षित 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। आयोग के अध्यक्ष रवि मनुभाई परमार ने बताया कि यह परीक्षा BPSC के इतिहास की सबसे बड़ी वैकेंसी थी, जिसमें 2035 पदों के लिए चयन प्रक्रिया आयोजित की गई थी।

​सबसे बड़ी वैकेंसी और परिणाम का लेखा-जोखा

​इस परीक्षा में कुल 2027 अभ्यर्थी सफल हुए हैं जिन्हें SDM, DSP और रेवेन्यू अधिकारी जैसे प्रतिष्ठित पदों पर नियुक्त किया जाएगा। अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि दिव्यांग कोटे के 8 पद खाली रह गए हैं।
परीक्षा में देरी के कारणों पर सफाई देते हुए उन्होंने बताया कि 68वीं और 69वीं परीक्षाओं की तुलना में 70वीं में वैकेंसी की संख्या कई गुना अधिक थी। इस बार 5450 अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया गया जिसमें समय लगना स्वाभाविक था। साथ ही, उन्होंने PT परीक्षा को लेकर हुए विवादों पर कहा कि भ्रामक प्रचार के बावजूद कोई पेपर लीक नहीं हुआ था।

​टॉपर श्रद्धा पांडेय का संघर्ष और सफलता

​उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ के रानीगंज स्थित पचरास गांव की रहने वाली श्रद्धा पांडेय ने इस परीक्षा में 593 अंक प्राप्त कर शीर्ष स्थान हासिल किया है। एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखने वाली श्रद्धा वर्तमान में लखनऊ में असिस्टेंट कमिश्नर (वाणिज्य कर) के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने साल 2021 में ग्रेजुएशन पूरा करने के बाद सिविल सेवा की तैयारी शुरू की थी। अपनी मेहनत के दम पर उन्होंने पहले ही प्रयास में UPPSC 2024 में 153वीं रैंक हासिल कर सफलता का परचम लहराया था। अब BPSC में टॉप कर उन्होंने अपनी सफलता को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है।

​सीवान SP की बहन बनीं SDM

​सफलता की इस कहानी में एक और नाम चर्चा में है सपना झा। मधुबनी की रहने वाली सपना, सीवान के SP पूरन कुमार झा की बहन हैं। उन्होंने 201वीं रैंक हासिल कर SDM बनने का गौरव प्राप्त किया है। उनके भाई पूरन कुमार झा ने इस उपलब्धि पर गर्व जताते हुए इसे सपना के अटूट आत्मविश्वास और कड़ी मेहनत का परिणाम बताया है।

​टॉप-10 की सूची

  • ​श्रद्धा पांडे
  • ​शशांक गौरव
  • ​आयुष विजॉय
  • ​परीक्षित मदन
  • ​उदय प्रताप यादव
  • ​रश्मि किरण
  • ​लक्ष्मीकांत मिश्रा
  • ​चंद्रकांता कुमारी
  • ​उपासना शर्मा
  • ​प्रिया

​इस परिणाम ने न केवल मेधावी छात्रों के सपनों को पंख दिए हैं, बल्कि बिहार प्रशासनिक सेवा में एक नई ऊर्जा का संचार भी किया है।