कुंदन कुमार/पटना। राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने पटना स्थित राजद कार्यालय के कर्पूरी सभागार में प्रेस वार्ता कर भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। तेजस्वी ने शाहपुर, भोजपुर में हुए भरत तिवारी के एनकाउंटर को सीधे तौर पर ‘फेक’ करार दिया और कहा कि राज्य में जाति देखकर एनकाउंटर किए जा रहे हैं।
फेक एनकाउंटर पर सम्राट चौधरी माफी मांगें
तेजस्वी ने सरकार की दोहरी नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक तरफ सरकार जांच की बात करती है, तो दूसरी तरफ भरत तिवारी के शोकाकुल माता-पिता और ग्रामीणों पर ही FIR दर्ज कर रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से इस घटना पर माफी की मांग की। साथ ही मुजफ्फरपुर के गायघाट और मधुबनी मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि जनता न्याय की उम्मीद में है, लेकिन सरकार गहरी नींद में सोई है।
टेंडर माफिया और बड़ी मछलियों को बचाने की साजिश
नेता प्रतिपक्ष ने दावा किया कि 20 से 25 हजार करोड़ के ‘रिशु श्री टेंडर घोटाला’ से ध्यान भटकाने के लिए सरकार नए-नए विवाद खड़े कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस बड़े भ्रष्टाचार में शामिल ‘बड़ी मछलियों’ को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार में इस समय अपराध, अपराधियों और शराब माफियाओं का बोलबाला है, जिन्हें सत्ता का संरक्षण प्राप्त है।
छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़
नीट परीक्षा के संदर्भ में तेजस्वी ने छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि प्रश्न पत्र लीक करने वाले बड़े लोगों को बचाया जा रहा है। परीक्षार्थियों के लिए ट्रेनों और बसों की पर्याप्त व्यवस्था न करने पर सरकार को छल-कपट वाली सरकार करार दिया।
महंगाई और बुलडोजर नीति पर प्रहार
तेजस्वी ने कहा कि भीषण गर्मी में भी गरीबों के घरों पर बुलडोजर चलाना अमानवीय है। उन्होंने सम्राट चौधरी से पूछा कि महिलाओं को 1 लाख 90 हजार की राशि क्यों नहीं दी जा रही है। अंत में उन्होंने कोचिंग संस्थानों से जुड़े मामलों की सीबीआई जांच की मांग दोहराते हुए कहा कि महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी है लेकिन सरकार केवल जनता की आवाज दबाने का काम कर रही है।

