ड्रोन से लेकर कमांडो तक रहेंगे तैनात, 28 पुलिस नाकों पर होगी श्रद्धालुओं और वाहनों की जांच
सोनू वर्मा, नूंह। Braj Mandal Jalabhishek Yatra Security : ब्रज मंडल जलाभिषेक यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित संपन्न कराने के लिए नूंह पुलिस ने इस बार सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए हैं। यात्रा मार्ग पर करीब 2200 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे, जो हर गतिविधि पर पैनी नजर रखेंगे। सुरक्षा व्यवस्था की कमान 01 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और 12 डीएसपी संभालेंगे। वहीं संवेदनशील स्थानों पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी लगातार निगरानी करेंगे।
28 पुलिस नाकों पर होगी सघन जांच, हर गतिविधि की होगी वीडियोग्राफी
यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए 28 पुलिस नाके स्थापित किए गए हैं। इन नाकों पर श्रद्धालुओं और वाहनों की गहन जांच की जाएगी। साथ ही पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। पुलिस का उद्देश्य किसी भी शरारती तत्व को यात्रा में प्रवेश करने से रोकना और श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है।
ड्रोन, कमांडो और बम निरोधक दस्ते से होगी निगरानी
सुरक्षा इंतजामों को और पुख्ता बनाने के लिए यात्रा मार्ग पर घुड़सवार पुलिस, खोजी कुत्ते, बम निरोधक दस्ता, 05 ड्रोन, 20 वीडियो कैमरे और कमांडो दस्ते तैनात किए गए हैं। इसके अलावा रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के जवान भी सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करेंगे।
संभावित हवाई खतरों से निपटने के लिए लाइट मशीन गन (LMG) की व्यवस्था की गई है। वहीं आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए टीयर गन से लैस पुलिसकर्मी और सादे वेश में तैनात खुफिया पुलिसकर्मी भी यात्रा मार्ग पर सक्रिय रहेंगे।
सीसीटीवी कैमरों से होगी 24 घंटे निगरानी
पूरे यात्रा मार्ग पर उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से चौबीसों घंटे निगरानी रखी जाएगी। बड़कली चौक, केएमपी रेवासन पुल सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर विशेष सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। यात्रा के हर अहम हिस्से में एक-एक डीएसपी के नेतृत्व में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता: नूंह पुलिस
नूंह पुलिस ने कहा है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे प्रशासन का सहयोग करें, अफवाहों से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस का प्रयास है कि ब्रज मंडल जलाभिषेक यात्रा शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में सफलतापूर्वक संपन्न हो।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


