गुरुग्राम। भौंडसी इलाके से गुंडागर्दी और कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक विधायक के पेट्रोल पंप पर कुछ बेखौफ बदमाशों ने दो युवकों पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। इस खूनी संघर्ष का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हमलावर युवकों पर लाठी-डंडे बरसाते नजर आ रहे हैं।

पिता को अस्पताल ले जाने की थी तैयारी

घायलों की पहचान भौंडसी गांव के रहने वाले 18 साल के रितिक और उसके रिश्तेदार अभिषेक के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि रितिक के पिता काफी बीमार चल रहे थे। उन्हें अस्पताल ले जाने के लिए रितिक अपने दोस्त से कार मांगकर लाया था। अस्पताल जाने से पहले वे गाड़ी में गैस भरवाने के लिए विधायक के पंप पर पहुंचे थे।

जान की भीख मांगते रहे दोनों युवक

सीएनजी पंप पर कतार में खड़े होने के दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और उन्होंने गाड़ी पर हमला बोल दिया। बदमाशों ने दोनों युवकों को जबरन बाहर खींचकर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से पीटना शुरू कर दिया। वीडियो में साफ दिख रहा है कि दोनों युवक हाथ जोड़कर अपनी जान की भीख मांगते रहे, लेकिन हमलावरों का दिल नहीं पसीजा। वे दोनों को तब तक पीटते रहे जब तक वे गंभीर रूप से घायल नहीं हो गए। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

पुलिस जांच में जुटी

स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक एक युवक की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। सरेआम हुई इस मारपीट के बाद से इलाके के लोगों में भारी गुस्सा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m