कुमार इंदर, जबलपुर। शहर के गढ़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत छोटी बजरिया इलाके में बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े आपराधिक वारदात को अंजाम देकर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दुर्गा मंदिर के सामने रात करीब 8 बजे घर के बाहर खड़ी होकर मोबाइल पर बात कर रही युवती शिवांगी वर्मा को बाइक सवार तीन बदमाशों ने निशाना बनाया।
धक्का देकर गिराया, फिर छीना मोबाइल
प्रत्यक्षदर्शियों और पीड़िता के अनुसार, बाइक पर सवार होकर आए तीन बदमाशों ने अचानक युवती को जोरदार धक्का दिया, जिससे वह अनियंत्रित होकर जमीन पर गिर पड़ी। युवती के संभलने से पहले ही बदमाश उसके हाथ से मोबाइल छीनकर तेजी से मौके से फरार हो गए। इस अचानक हुई वारदात से पीड़िता दहशत में आ गई, वहीं आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया।
MP में नही थमेगी बारिश! 11 जिलों में अलर्ट; चित्रकूट में तबाही का मंजर; बाणसागर के गेट खुले, मंडराया बाढ़ का खतरा
CCTV फुटेज से आरोपियों की तलाश शुरू
घटना के तुरंत बाद मामले की जानकारी गढ़ा थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की, जिसमें पूरी वारदात का CCTV फुटेज सामने आया है। फुटेज में बाइक सवार बदमाशों की करतूत साफ नजर आ रही है। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने में जुट गई है। गढ़ा थाना पुलिस का कहना है कि फुटेज के जरिए संदिग्धों का सुराग लगाया जा रहा है और जल्द ही तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। इस घटना के बाद से स्थानीय निवासियों में सुरक्षा को लेकर काफी चिंता देखी जा रही है।


