अनुज कुमार पाण्डेय, गोपालगंज। जिले में बेखौफ अपराधियों ने एक बार फिर पुलिसिया इकबाल को चुनौती दी है। नगर थाना क्षेत्र के बंजारी मोड़ स्थित सुमन अस्पताल के समीप शुक्रवार को दिनदहाड़े बाइक सवार अपराधियों ने एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बाइक सवार अपराधियों ने मारी गोली
जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान नगर थाना क्षेत्र के कुकुरभूका गांव निवासी 40 वर्षीय शैलेश यादव (पिता नागेंद्र यादव) के रूप में हुई है। शैलेश यादव पेशे से मिट्टी के कारोबार से जुड़े हुए हैं। शुक्रवार को वे बंजारी मोड़ स्थित सुमन अस्पताल के पास किसी काम से मौजूद थे। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर आए अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाते हुए अचानक गोलियां चला दीं। गोली लगते ही शैलेश यादव खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़े, जबकि घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए।
गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम और नगर थाने के इंस्पेक्टर पीके प्रभाकर पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में डॉक्टरों ने तुरंत उनका प्राथमिक उपचार शुरू किया। चिकित्सकों के अनुसार, गोली शैलेश यादव के कंधे में लगी है और अत्यधिक खून बह जाने के कारण उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। सदर अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
घटना की वजहों का अभी तक पूरी तरह से खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस पुरानी रंजिश और कारोबारी विवाद समेत कई अन्य बिंदुओं पर गहराई से जांच कर रही है। नगर थाना इंस्पेक्टर पीके प्रभाकर ने बताया कि पुलिस अपराधियों के भागने के रूट और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके। उन्होंने बताया कि परिजनों की तरफ से लिखित आवेदन मिलते ही प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें- Bihar Crime: भागलपुर में ससुराल आए युवक की 5 गोली मारकर हत्या, परिजनों में मचा कोहराम

