अतीश दीपंकर, भागलपुर। जिले में ईशीपुर थाना क्षेत्र के दौलतपुर में ससुराल आए युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना कल गुरुवार की है। मृतक युवक की पहचान झारखंड के साहिबगंज मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत शोभनपुर भट्ठा दहाड़ी डेरा निवासी राजगृह यादव के पुत्र उत्तम कुमार यादव (30) के रूप में हुई है, जिसकी अपराधियों ने 5 गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी।

वायरिंग का सामान खरीदने बाजार गया था मृतक

मिली जानकारी के अनुसार उत्तम कुमार साहिबगंज स्थित एचडीएफसी बैंक में रिकवरी एजेंट के रूप में कार्यरत था और घटना वाले दिन ही वह साहिबगंज से अपने ससुराल आया हुआ था। बताया जाता है कि ससुराल में बिजली वायरिंग का काम कराने को लेकर वह साहिबगंज के ही एक मिस्त्री के साथ सामान खरीदने ईशीपुर बाराहाट गए थे। वहां से लौटने के दौरान बाराहाट-नंदलालपुर मुख्य मार्ग पर योगीवीर पहाड़ी के समीप बाइक सवार अपराधियों ने चलती बाइक पर उत्तम कुमार को एक के बाद एक करके कुल 5 गोलियां मारी।

पत्नी ने गोतिया पर लगाया हत्या का आरोप

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। वहीं, सूचना मिलते ही ईशीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल उत्तम कुमार को तत्काल इलाज के लिए रेफरल अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार, मृतक का अपने गोतिया के लोगों से पूर्व से विवाद चल रहा था। मृतक की पत्नी राजनंदनी कुमारी ने आरोप लगाया कि, उसके पति की हत्या गोतिया (भाई) के ही द्वारा की गई है।

जांच-पड़ताल में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही मृतक के ससुराल और साहिबगंज स्थित घर के परिजन अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में उत्तम का शव देख परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का विलाप सुनकर कुछ देर के लिए पूरे अस्पताल का माहौल गमगीन सा हो गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी हुई है।

ये भी पढ़ें- ‘मैं तो बेचारा ही हूं…’, CM सम्राट के बयान पर प्रशांत किशोर का तगड़ा पलटवार