अनमोल मिश्रा, सतना। केंद्रीय कारागार में प्रतिबंधित सामग्री पहुंचाने के मामलों पर लगातार कार्रवाई के बावजूद ऐसी घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। हाल ही में गांजा सप्लाई के मामले में एक एएसआई पर निलंबन व विभागीय कार्रवाई की गई थी, वहीं अब जेल प्रहरी तंबाकू ले जाते हुए पकड़ा गया है। घटना के बाद जेल प्रशासन ने तत्काल सख्त कदम उठाते हुए संबंधित कर्मचारी को निलंबित कर दिया है।
प्रहरी बनवारी जाटव के खिलाफ जांच शुरू
दरअसल केंद्रीय जेल में शनिवार सुबह आरोपी प्रहरी सुबह 4 से 8 बजे की ड्यूटी पर था। तभी मुख्य प्रहरी सैय्यद इसरार ने जांच की। जांच के दौरान बेल्ट के नीचे जेल प्रहरी बनवारी लाल जाटव ने तंबाकू की पुड़िया छिपा कर रखी थी। जिसका वजन 10 से 12 ग्राम पाया है। आरोपी ने टेप में लपेटकर पुड़िया रखी थी जिसे बरामद कर जब्ती कर पंचनामा तैयार किया गया। मामले की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन हरकत में आया और जेल अधीक्षक ने तत्काल प्रभाव से प्रहरी बनवारी लाल जाटव को निलंबित कर दिया। साथ ही पूरे प्रकरण की विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
पहले भी एएसआई पर हुई थी कार्रवाई
जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि प्रतिबंधित सामग्री जेल परिसर के भीतर किस उद्देश्य से ले जाई जा रही थी और क्या इस मामले में अन्य किसी व्यक्ति की भी संलिप्तता है। केंद्रीय कारागार में बीते दिनों प्रतिबंधित सामग्री की सप्लाई को लेकर कई मामलों का खुलासा हुआ है। हाल ही में गांजा और अन्य सामग्री पहुंचाने के आरोपों को लेकर एक एएसआई पर भी कार्रवाई की गई थी। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने जेल सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि जेल प्रशासन का कहना है कि नियमित चेकिंग और निगरानी को और अधिक सख्त किया जा रहा है।

