चंडीगढ़। हरियाणा में अध्यापक पात्रता परीक्षा (HTET) की तैयारी कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। 13 और 14 जून को आयोजित होने वाली HTET परीक्षा को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। प्रशासनिक कारणों के चलते यह फैसला लिया गया है। हालांकि अभी नई परीक्षा तिथियों की घोषणा नहीं की गई है।
जानकारी के अनुसार, हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से पहले 13 और 14 जून को परीक्षा आयोजित करने की घोषणा की गई थी। इस बार प्रदेशभर में करीब 2 लाख 45 हजार अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होना था। परीक्षा के लिए राज्यभर में 820 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे और सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए थे।
बताया जा रहा है कि हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने टीईटी की अनिवार्यता से जुड़ी रिव्यू याचिका को खारिज कर दिया था। साथ ही कोर्ट ने टीईटी पास करने की समय सीमा दो साल से बढ़ाकर तीन साल कर दी है।
सूत्रों के मुताबिक, शिक्षा बोर्ड के तत्कालीन अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार शर्मा ने 25 मई को परीक्षा तिथियों की घोषणा की थी। इसके बाद उन्हें चेयरमैन पद से हटा दिया गया और उनकी जगह शंकर धुप्पड़ को नई जिम्मेदारी सौंपी गई। पदभार संभालने के तीन दिन बाद ही शंकर धुप्पड़ ने HTET परीक्षा स्थगित करने का निर्णय लिया।
परीक्षा स्थगित होने से अभ्यर्थियों में निराशा देखने को मिल रही है। अब उम्मीदवारों को नई परीक्षा तिथियों की घोषणा का इंतजार रहेगा।

