शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से ठगी का बड़ा मामला सामने आया है, जहां नगर निगम में नौकरी लगवाने के नाम पर बेरोजगार युवाओं से लाखों रुपए ऐठे गए। इस धोखाधड़ी के आरोप में कमला नगर थाना पुलिस ने करणी सेना के पूर्व भोपाल जिला अध्यक्ष आशु कुमार को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर आरोप है कि उसने युवाओं को नगर निगम के फर्जी नियुक्ति पत्र (जॉइनिंग लेटर) बांटकर लाखों की चपत लगाई।

जॉइनिंग के लिए पहुंचा युवक, तब खुला राज

मामले का भंडाफोड़ तब हुआ जब पीड़ित पवन यादव नगर निगम का नियुक्ति पत्र लेकर जॉइनिंग के लिए सीधे कमिश्नर कार्यालय पहुँच गया। वहाँ जब अधिकारियों ने पत्र की जांच की, तो वह पूरी तरह से फर्जी पाया गया। इसके तुरंत बाद नगर निगम प्रशासन और पीड़ित की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई, जिस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी आशु कुमार को धर दबोचा।

यहां बीजेपी नेता के साथ हो गया बड़ा खेलाः रात में बने उपाध्यक्ष, सुबह लिस्ट से नाम गायब, छलका दर्द…

3 से 5 लाख रुपए में बेचता था फर्जी लेटर

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी आशु कुमार बेरोजगार युवाओं को अपना निशाना बनाता था। वह नगर निगम में सीधी भर्ती और तगड़ी सेटिंग का झांसा देकर एक-एक पीड़ित से 3 से 5 लाख रुपए तक वसूलता था और बदले में फर्जी नियुक्ति पत्र थमा देता था। पीड़ित पवन यादव की मुलाकात भी आरोपी आशु कुमार से करणी सेना की एक बैठक के दौरान हुई थी, जहाँ उसने खुद को बड़ा रसूखदार बताकर झांसे में लिया था।

संगठन ने पहले ही किया था निष्कासित

आशु कुमार की गिरफ्तारी की खबर मिलते ही कमला नगर थाने में शिकायतकर्ताओं की भीड़ जमा हो गई। पुलिस को अंदेशा है कि आरोपी ने करीब 30 से 40 बेरोजगार युवाओं को अपना शिकार बनाया है और यह ठगी का आंकड़ा लाखों-करोड़ों में जा सकता है। वहीं दूसरी ओर, करणी सेना संगठन का कहना है कि आशु कुमार की संदिग्ध गतिविधियों और हरकतों को देखते हुए संगठन ने कुछ समय पहले ही उसे जिला अध्यक्ष के पद से हटाकर बाहर का रास्ता दिखा दिया था। फिलहाल कमला नगर थाना पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि इस रैकेट में शामिल अन्य लोगों और कुल ठगी की रकम का पता लगाया जा सके।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m