​अनिल मालवीय, इछावर। स्वास्थ्य विभाग और शासकीय नियुक्तियों में फर्जीवाड़े को लेकर सीहोर जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। बिलकिसगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के रेडियोग्राफर हीरा सिंह कौशल ही फर्जी डिग्रियां बनाने और बेचने वाले रैकेट का मास्टरमाइंड निकला है। मामला उजागर होने के बाद आरोपी रेडियोग्राफर को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। ​दमोह पुलिस ने भोपाल से गिरफ्तार कर मुख्य आरोपी हीरा को कोर्ट में पेश कर 5 दिन की पुलिस रिमांड पर लिया है।

​सीहोर से जुड़ा है फर्जीवाड़े का मुख्य केंद्र

​आरोपी हीरा सिंह कौशल सीहोर जिले के बिलकिसगंज में बतौर सरकारी रेडियोग्राफर सेवाएं दे रहा था। सरकारी नौकरी की आड़ में वह लंबे समय से पूरे प्रदेश में फर्जी मेडिकल डिग्रियों का काला कारोबार चला रहा था। जांच में सामने आया है कि उसने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत ‘संजीवनी क्लीनिक’ में फर्जी डिग्रियों के आधार पर कई लोगों को डॉक्टर बनवाकर नौकरी पर लगवाया।

12 से ज्यादा फर्जी डॉक्टरों के नाम आए सामने

​पुलिस पूछताछ में मास्टरमाइंड हीरा सिंह ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। अब तक 12 से ज्यादा फर्जी डॉक्टरों के नाम सामने आ चुके हैं, जिन्होंने हीरा सिंह से डिग्रियां खरीदी थीं। ​पुलिस अब इन फर्जी डॉक्टरों की धरपकड़ के लिए अलग-अलग जिलों में छापेमारी कर रही है। ​आरोपी के खिलाफ अब तक दो FIR दर्ज की जा चुकी हैं।

​ऐसे खुला फर्जीवाड़े का खेल

​जबलपुर के संजीवनी क्लीनिक में पदस्थ अजय मौर्य की फर्जी डिग्री की जांच कराई थी। जांच में मध्यप्रदेश मेडिकल काउंसिल (भोपाल) के रजिस्ट्रार के पास आरोपी का कोई रिकॉर्ड या रजिस्ट्रेशन नहीं मिला। अजय मौर्य के साथ-साथ कुमार सचिन यादव और राजपाल गौर की डिग्रियां और रजिस्ट्रेशन भी पूरी तरह फर्जी पाए गए हैं। जबलपुर से गिरफ्तार अजय मौर्य की रिमांड अवधि भी 23 मई तक बढ़ा दी गई है। रेडियोग्राफर की गिरफ्तारी और बर्खास्तगी के बाद अब सीहोर स्वास्थ्य विभाग में भी हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस इस बात की भी जांच कर सकती है कि क्या स्थानीय स्तर पर भी किसी को ऐसी फर्जी डिग्रियां बांटी गई थीं।

गिरफ्तारी की जानकारी मीडिया से मिली

पुलिस ने बिलकिसगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ कर्मचारी हीरा कोसलकर को गिरफ्तार किया है। स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. नीरज कुमार डागोर ने बताया कि गिरफ्तारी के संबंध में जानकारी मीडिया से मिली। हीरा यहां रेडियोग्राफर (एक्स-रे टेक्नीशियन) के तौर पर कार्यरत हैं। वर्तमान में 1 तारीख से छुट्टी का आवेदन देकर संस्थान से बाहर हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m