फरीदाबाद। फरीदाबाद में राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (DHBVN) के सहायक लाइनमैन सोनू राम को 5,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया।

जानकारी के अनुसार, आरोपी कर्मचारी पर बिजली चोरी के मामले में कार्रवाई और जुर्माना कम कराने के बदले शिकायतकर्ता से रिश्वत मांगने का आरोप था। शिकायत मिलने के बाद ACB फरीदाबाद की टीम ने योजना बनाकर छायंसा स्थित उपमंडल कार्यालय के पास एक बिजली उपकरण की दुकान पर जाल बिछाया।

जैसे ही आरोपी ने शिकायतकर्ता से 5,000 रुपये की रिश्वत ली, टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। जांच के दौरान आरोपी के पास से पहले ली गई 3,000 रुपये की रिश्वत राशि भी बरामद हुई।

ACB ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।