भिवानी। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने जिले में रिश्वतखोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पटवारी को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी किसान को फसल मुआवजा दिलाने के बदले पैसे की मांग कर रहा था।

जानकारी के अनुसार, गांव गुजरानी में पदस्थ पटवारी हर्ष छाबड़ा ने किसान मंजीत से फसल नुकसान का मुआवजा स्वीकृत कराने के एवज में 15 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। बातचीत के दौरान यह रकम 10 हजार रुपये पर तय हो गई।


किसान ने की थी शिकायत
रिश्वत की मांग से परेशान किसान ने मामले की शिकायत एसीबी से की। शिकायत की पुष्टि होने के बाद एसीबी टीम ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में ट्रैप लगाया। तय योजना के तहत किसान ने आरोपी को रिश्वत की राशि सौंपी, जिसके तुरंत बाद टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।

एसीबी ने आरोपी पटवारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।अधिकारियों के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।