BRICS शिखर सम्मेलन को लेकर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने की तैयारी पूरी कर ली गई है। 12 और 13 सितंबर को भारत मंडपम में होने वाले BRICS Summit के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। करीब 15,000 पुलिसकर्मियों के साथ अर्धसैनिक बलों की 200 कंपनियां तैनात की जाएंगी।
भारत मंडपम में तीन-स्तरीय सुरक्षा घेरा
विशेष पुलिस आयुक्त (सुरक्षा प्रभाग) मनीष कुमार अग्रवाल के अनुसार, भारत मंडपम समेत प्रमुख कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। एयरपोर्ट, होटल और प्रतिनिधिमंडलों के संभावित आवागमन वाले स्थानों पर भी अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात रहेंगे।
दिल्ली पुलिस ने संबंधित केंद्रीय एजेंसियों और पड़ोसी राज्यों के साथ समन्वय बढ़ाया है। अधिकारियों के मुताबिक, गणमान्य व्यक्तियों की आवाजाही वाले सभी प्रमुख मार्गों का विस्तृत सर्वेक्षण पूरा किया जा चुका है।
500 से ज्यादा CCTV कैमरों से निगरानी
नई दिल्ली क्षेत्र में 500 से अधिक CCTV कैमरे लगाए जाएंगे। इनमें फेस रिकग्निशन सिस्टम (FRS) और वाहन नंबर प्लेट पहचानने वाली तकनीक से लैस कैमरे भी शामिल होंगे। सभी कैमरों को केंद्रीय निगरानी कक्ष से जोड़ा जाएगा, जिससे संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल नजर रखी जा सके।
10 सितंबर से लागू होंगे ट्रैफिक प्रतिबंध
विदेशी प्रतिनिधिमंडलों और VVIP काफिलों की आवाजाही को देखते हुए 10 सितंबर से यातायात प्रतिबंध लागू किए जाएंगे, जो जरूरत के अनुसार 14 सितंबर तक जारी रह सकते हैं। प्रमुख चौराहों और संवेदनशील मार्गों पर अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की तैनाती होगी।
आम लोगों की सुविधा पर भी जोर
दिल्ली पुलिस का कहना है कि सुरक्षा के साथ-साथ आम जनता को कम से कम परेशानी हो, इसका भी ध्यान रखा जा रहा है। ट्रैफिक एडवाइजरी पहले ही जारी की जा चुकी है। पुलिस ने गृह मंत्रालय, विदेश मंत्रालय, वाणिज्य मंत्रालय, NSG, IB और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों समेत विभिन्न एजेंसियों के साथ व्यापक समन्वय किया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



