Bihar News: BRICS समिट के डिनर मेन्यू को लेकर सियासी विवाद छिड़ गया है। समिट में आए विदेशी मेहमानों को डिनर में केवल शाकाहारी खाना परोसा गया। इस पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने 80% भारतीयों के नॉनवेज खाने का दावा करते हुए सरकार की आलोचना की, जिसपर केंद्रीय मंत्री और बेगूसराय से सांसद गिरिराज सिंह की प्रतिक्रिया सामने आई है।

क्या पूरे देश का दिमाग सनक जाए?

राहुल गांधी द्वारा ब्रिक्स में वेज परोसने को लेकर कसे गए तंज पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि, G-20 में भी हमने देश के व्यंजनों को परोसने का काम किया था। यह अच्छी बात है कि भारतीय व्यंजन पूरे देश का व्यंजन है। श्री अन्न को दुनिया के सामने प्रमोट किया गया। इससे अच्छी क्या चीज़ हो सकती है? अब राहुल गांधी का दिमाग सनक जाए, तो क्या पूरे देश का दिमाग सनक जाए?

उन्होंने कहा कि, यह भारतीय परंपरा के अनुसार हुआ। हमारे गांव-घर में भी जब मेहमान आते हैं तो हम अपने ही पकवान खिलाते हैं। हमने देश का व्यंजन खिलाया। मलेशिया के पीएम गए थे, तो आप ब्रिक्स के डेलिगेशन को बुला लेते। वहां रेड, व्हाइट मीट परोसते। ग्रीन मीट भी अगर कहीं बनता हो, तो उसे भी खोज कर ले आते। पता नहीं उन्हें खिलाया या नहीं खिलाया। गौरतलब है कि ब्रिक्स समिट में पहुंचे मलेशिया के पीएम ने रविवार को राहुल गांधी से मुलाकात की थी, जिसपर गिरिराज सिंह ने यह तंज कसा।

पूरी दुनिया में हो रही भारत की चर्चा- गिरिराज

वहीं, ब्रिक्स (BRICS) शिखर सम्मेलन पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि, भारत की मेजबानी में संपन्न हुआ ब्रिक्स सम्मेलन देश की बढ़ती ताकत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मजबूत नेतृत्व का प्रतीक है। आज पूरी दुनिया के मीडिया में भारत की ही चर्चा हो रही है, चाहे अमेरिका हो, इंग्लैंड हो, जर्मनी हो या जापान, हर जगह के प्रमुख अखबारों ने भारत की बढ़ती ताकत को दिखाया गया है। प्रधानमंत्री मोदी ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत के हर पहलू को रखा है। उन्होंने न केवल अपनी बात रखी, बल्कि वैश्विक चुनौतियों से निपटने के लिए एक स्पष्ट दिशा और विजन भी पेश किया, जिसमें फ्री शिपिंग जैसे कई महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं।

मदरसों को बंद करने के आदेश पर सुवेंदू को दिया धन्यवाद

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने पश्चिम बंगाल में 252 मदरसों को बंद करने के सरकारी आदेश पर कहा कि, बांग्लादेश का जितना बॉर्डर है, नो मैंस लैंड पर। खासकर बंगाल से सटी सीमा पर ममता बनर्जी के राज में अवैध मदरसे खुल गए। अवैध कारोबार होने लगे। सीएम सुवेंदू अधिकारी को मैं इस कार्रवाई के लिए धन्यवाद दूंगा।

यूसीसी को लेकर कही ये बात

गिरिराज सिंह ने यूसीसी को लेकर कहा कि, भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। उन्होंने कहा कि, नेहरू ने अपने हित के लिए देश को बांटा। हिंदू-मुस्लिम में बंटवाया या जो भी परिस्थितिया क्रिएट कीं। उस समय जो भारत का कानून बना उसमें हमने हिंदू मैरिज कोड वगैरह सब समाहित कर दिया। हमारे देश के टुकड़े हुए। नेहरू ने वोटबैंक की राजनीति की। कश्मीर में 370 लागू किया, 35A ले आए। जब हटाने की बात हुई तो कहा गया कि खून बहेगा। हमारे गृहमंत्री ने ठीक किया और एक बूंद खून नहीं बहा।

उन्होंने कहा कि, श्रीनगर के लाल चौक पर 26 जनवरी हो या 15 अगस्त उसका उत्सव मनाया जाता है। कांग्रेस ने वोटबैंक की राजनीति की। एक देश एक कानून नहीं होना चाहिए? देश कांग्रेस से राहुल गांधी से पूछेगा कि इसे अब तक लागू क्यों नहीं किया था? भारत में हमारे जितने राज्य हैं, वहां हम तो लागू कर रहे हैं और किया भी है। कश्मीर से कन्याकुमारी तक एक देश, एक कानून होगा।

ये भी पढ़ें- JDU में हलचल तेज, 18 सितंबर को सभी विधायक पटना तलब, बड़े फैसले के संकेत