गोंडा. भाजपा के वरिष्ठ नेता बृजभूषण शरण सिंह ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के इंदौर में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर निशाना साधा. उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में NSUI की हार का हवाला देते हुए राहुल गांधी की विचारधारा पर सवाल उठाए.
इस भी पढ़ें- जयंत चौधरी से मिले क्रिकेटर मोहम्मद शमी, अमरोहा से चुनाव लड़ने की चर्चा तेज
‘विचारधारा सही होती तो असर दिखता’
बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि यदि राहुल गांधी की विचारधारा छात्रों के बीच प्रभावी होती, तो उसका असर दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव के नतीजों में भी दिखाई देता. उन्होंने कहा कि केवल समस्याओं को उठाना आसान है, लेकिन उन्हें समाधान तक पहुंचाना कठिन होता है.
ABVP की जीत पर कांग्रेस को घेरा
भाजपा नेता ने कहा कि DUSU चुनाव में NSUI को सफलता नहीं मिली, जबकि ABVP को छात्रों का समर्थन मिला. उन्होंने दावा किया कि दिल्ली विश्वविद्यालय में देशभर के छात्र मतदान करते हैं और छात्रों ने ABVP को इसलिए पसंद किया, क्योंकि उसकी विचारधारा में देश को सबसे पहले रखा जाता है.
बृजभूषण ने सवाल किया कि अगर राहुल गांधी की विचारधारा सही है, तो उसका प्रभाव छात्रसंघ चुनाव में क्यों नहीं दिखा. उन्होंने राहुल गांधी की राजनीतिक समझ पर भी टिप्पणी की.
प्रधानमंत्री की मिमिक्री पर भी सवाल
राहुल गांधी के इंदौर कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री को लेकर भी बृजभूषण शरण सिंह ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री या उनके परिवार को लेकर कोई टिप्पणी होती है और मंच पर मौजूद राहुल गांधी उस पर हंसते हैं, तो यह उनके आचरण पर सवाल खड़ा करता है. उन्होंने कहा कि माता-पिता और बहन का किसी के जीवन में विशेष स्थान होता है. राजनीतिक मतभेदों के बावजूद परिवार और महिलाओं के सम्मान का ध्यान रखा जाना चाहिए.
इसे भी पढ़ें- यूपी में मानसूनी बारिश से नदियां उफान पर, कई जिले बाढ़ प्रभावित, फिर बरसेंगे बदरा
‘हमारी परंपरा में महिलाओं को देवी का स्थान’
भाजपा नेता ने कहा कि भारतीय परंपरा में महिलाओं और माताओं को सम्मान दिया जाता है. उन्होंने दावा किया कि यदि किसी मंच पर पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की जाती, तो वह तुरंत हस्तक्षेप करते माइक छीनते और खेद व्यक्त करते. बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि नेताओं को सार्वजनिक मंचों पर अपने शब्दों और आचरण का ध्यान रखना चाहिए. उन्होंने राहुल गांधी के कार्यक्रम और DUSU चुनाव के नतीजों को जोड़ते हुए कांग्रेस नेतृत्व पर राजनीतिक हमला बोला.



