लखनऊ. उत्तर प्रदेश में मानसूनी बारिश का सिलसिला जारी रहने से कई जिलों में नदियां उफान पर आ गई हैं. ललितपुर, सीतापुर, महोबा और गोंडा समेत कई इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है. फसलें डूब गई हैं और आवाजाही प्रभावित हुई है. दो दिन बाद से बारिश का अनुमान है.

इसे भी पढ़ें- पूर्वांचल राज्य का ख्वाब या सत्ता का नया चक्रव्यूह? देवरिया में राजभर ने बताया कौन बनेगा पहला मुख्यमंत्री

ललितपुर में बेतवा नदी का खतरनाक पुल पार

ललितपुर में एक पिकअप चालक ने उफनती बेतवा नदी के पुल को पार किया. पिकअप में सवार 12 लोग घबरा गए और चालक को रोकने के लिए चिल्लाते रहे, लेकिन चालक नहीं रुका. वहीं, किसान सम्मर यादव (36) की रविवार शाम करीब साढ़े चार बजे आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई.

सीतापुर में सड़कें जलमग्न, फसलें बर्बाद

लखनऊ से सटे सीतापुर में छोटे पुलों के ऊपर से स्थानीय नदियों का पानी बह रहा है. रामपुर मथुरा समेत कई जगह सड़कें दो-तीन फीट पानी में डूब गई हैं. लोग बाइक और साइकिल से आवाजाही करने को मजबूर हैं. खेतों में पानी भर गया है और कई बीघा फसलें पूरी तरह जलमग्न हो चुकी हैं. ग्रामीण ट्रैक्टरों के सहारे आना-जाना कर रहे हैं.

महोबा और ललितपुर में बांध ओवरफ्लो

महोबा में रिकॉर्ड बारिश के बाद यूपी-एमपी सीमा पर बने लहचूरा बांध समेत सभी छह डैम ओवरफ्लो हो गए हैं. ललितपुर में गोविंद सागर बांध के चार गेट खोलकर पानी छोड़ा जा रहा है. गोंडा में घाघरा नदी के कटान से चार गांव अब भी प्रभावित हैं.

इसे भी पढ़ें- UP NEET UG 2026: बदल गया दूसरे राउंड की काउंसलिंग का शेड्यूल! 21 सितंबर से च्वाइस फिलिंग, यहां देखें नई डेट्स

फिर से तेज बारिश का अलर्ट

प्रदेश में एक बार फिर बारिश का दौर तेज होने के आसार हैं. बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के आसपास बने नए मौसमी सिस्टम से नमी पहुंचेगी. मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह के अनुसार, पश्चिमी राजस्थान से मानसून वापसी शुरू हो चुकी है, लेकिन नया सिस्टम मजबूत होकर 23 से 25 सितंबर के बीच पूरे यूपी में बारिश लाएगा. 24 से 26 सितंबर के बीच बारिश और तेज होगी.