कृष्ण कुमार सैनी ,पलवल । नेशनल हाईवे-19 पर इंसानियत दिखाना एक ट्रक ड्राइवर को भारी पड़ गया। रात के अंधेरे में तीन युवकों ने रास्ते में हाथ देकर कहा— “भाई, होडल तक छोड़ दो…”। ड्राइवर ने बिना कुछ सोचे उन्हें ट्रक में बैठा लिया, लेकिन कुछ ही मिनटों बाद ट्रक के अंदर ऐसा खौफनाक खेल शुरू हुआ जिसने सबको हिला दिया।
जैसे ही ट्रक आगे बढ़ा, तीनों युवकों ने अचानक ड्राइवर मोहम्मद जैद पर हमला कर दिया। बदमाशों ने उसे लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा, जिससे उसकी आंख और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। इसके बाद आरोपियों ने उसके हाथ-पैर बांध दिए और मुंह पर टेप लगाकर ट्रक में पटक दिया। वारदात के बाद बदमाश ट्रक में रखे करीब 20 हजार रुपए लेकर गाड़ी को नूंह रोड की तरफ ले गए।
घटना 7 मई की रात की बताई जा रही है। नूंह जिले के रवा गांव निवासी ट्रक ड्राइवर मोहम्मद जैद कोसीकलां से पलवल की ओर आ रहा था। करमन टोल प्लाजा के पास तीन युवकों ने होडल जाने के लिए उससे लिफ्ट मांगी थी। लेकिन ड्राइवर को क्या पता था कि जिन लोगों को वह मदद समझकर साथ बैठा रहा है, वही उसकी जान के दुश्मन बन जाएंगे।
रास्ते में उंटावड़ से आगे एक होटल पर बदमाश खाना खाने के लिए रुके। इसी दौरान घायल हालत में पड़े जैद ने बाहर मौजूद लोगों को इशारों से मदद मांगी। होटल कर्मचारियों और वहां मौजूद लोगों ने जब ट्रक के अंदर ड्राइवर की हालत देखी तो तुरंत उसे नीचे उतारा। हालांकि तब तक आरोपी ट्रक लेकर मौके से फरार हो चुके थे।
मामले की सूचना मिलते ही होडल थाना पुलिस हरकत में आई और एएसआई साहुद अहमद के नेतृत्व में जांच शुरू की गई। पुलिस ने इस ब्लाइंड लूट का खुलासा करते हुए दो आरोपियों— नूंह के फरदड़ी गांव निवासी साद और खेड़ी कंकर निवासी इरसाद को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को कोर्ट में पेश कर 3 दिन के रिमांड पर लिया गया है, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।
होडल थाना प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि पुलिस जल्द ही तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लेगी और लूटा गया ट्रक बरामद करने के प्रयास जारी हैं।

