अनुज कुमार पांडेय/ गोपालगंज। जिले से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। जिले के विजयीपुर थाना क्षेत्र के भेडिया गांव के रहने वाले और सीमा सुरक्षा बल में तैनात देश के वीर जवान अनुज तिवारी का ड्यूटी के दौरान दिल का दौरा पड़ने से असामयिक निधन हो गया है। इस हृदयविदारक घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
शिलांग में तैनात थे जवान अनुज तिवारी
मिली जानकारी के अनुसार, अनुज तिवारी वर्तमान समय में मेघालय की राजधानी शिलांग में बीएसएफ के जवान के रूप में पदस्थापित थे और देश की सीमाओं की सुरक्षा में अपनी सेवाएं दे रहे थे। बताया जा रहा है कि रोजाना की तरह वे अपनी ड्यूटी पर तैनात थे, तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। जब तक उन्हें चिकित्सीय सहायता मुहैया कराई जाती, तब तक दिल का दौरा पड़ने के कारण उन्होंने अंतिम सांस ली। ड्यूटी के दौरान देश की सेवा करते हुए उनका इस तरह अचानक चले जाना बेहद दर्दनाक है।
पैतृक गांव तिवारी चकिया में भी पसरा सन्नाटा
दिवंगत जवान अनुज तिवारी के पिता राम प्रवेश तिवारी पेशे से एक किसान सलाहकार हैं। वे मूल रूप से जिले के भोरे थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले तिवारी चकिया गांव के निवासी हैं। हालांकि, वर्तमान में राम प्रवेश तिवारी अपने पिता अश्विनी तिवारी के नवरसा पर विजयीपुर के भेडिया गांव में अपने पूरे परिवार के साथ निवास कर रहे हैं। घटना की सूचना जैसे ही भेडिया और पैतृक गांव तिवारी चकिया में पहुंची, दोनों ही गांवों में सन्नाटा पसर गया।
एक होनहार और देशभक्त बेटे को खोने के बाद पिता राम प्रवेश तिवारी और पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव के लोग परिजनों को ढांढस बंधाने में जुटे हैं। स्थानीय प्रशासन और ग्रामीणों के अनुसार, दिवंगत जवान का पार्थिव शरीर जैसे ही उनके गृह जिला गोपालगंज पहुंचेगा, पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। देश की सेवा में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले इस वीर सपूत को पूरा इलाका नम आंखों से विदाई देने का इंतजार कर रहा है।

