Bihar Crime: राजधानी पटना में एक बार फिर से अपराधियों का तांडव देखने को मिला है, जहां कल रविवार की देर रात बाइक सवार बदमाशों ने एक LPG वेंडर की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना दानापुर थाना क्षेत्र के नासरीगंज स्थित बिस्कुट फैक्ट्री मोड़ के पास की है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई।
डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
गोलीबारी की इस घटना के बाद इलाके के लोगों में भय का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार मृतक गैस सिलेंडर वेंडर का काम करता था। कल रविवार की देर रात किसी काम से वह बाहर निकला था। इसी दौरान बाइक सवार अपराधियों ने उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। गोली लगते ही युवक जमीन पर घायल होकर गिर पड़ा। फायरिंग की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी और घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जांच-पड़ताल में जुटी पुलिस
वहीं, फायरिंग और हत्या की घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने जायजा लिया और मौके पर जांच के लिए एफएसएल की टीम को बुलाया, जिसने मौके से कई जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं, जो जांच में काम आ सकते हैं। पुलिस ने मौके पर आसपास के लोगों से भी पूछताछ की है। इसके साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है, जिससे अपराधियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी की जा सके।
आपसी रंजिश में हत्या की आशंका
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उसे मृत देख उनमें चिख-पुकार मच गई। लोगों को रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस इस घटना को पुरानी रंजिश या आपसी विवाद से जोड़कर देख रही है। पुलिस का कहना है कि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
ये भी पढ़ें- पटना में युवक की बेरहमी से पिटाई का VIDEO वायरल, छानबीन में जुटी पुलिस

