Technology Desk : BSNL अपने ग्राहकों के लिए सस्ते रिचार्ज प्लान लगातार पेश कर रहा है। सरकारी टेलीकॉम कंपनी ने 40 रुपये से कम कीमत वाला एक नया डेटा प्लान लॉन्च किया है। इसमें यूजर्स को 39 रुपये में 20GB हाई स्पीड डेटा मिलेगा। इस प्लान की वैलिडिटी 1 दिन की है। इसके अलावा BSNL नए ग्राहकों के लिए 1 रुपये वाला फ्रीडम ऑफर और सालाना रिचार्ज पर अतिरिक्त वैलिडिटी का ऑफर भी दे रहा है।

39 रुपये में 20GB डेटा
BSNL ने अपने आधिकारिक X हैंडल के जरिए 39 रुपये वाले नए प्लान की जानकारी दी है। यह डेटा ओनली प्लान है, यानी इसमें कॉलिंग या SMS का लाभ नहीं मिलता। इस प्लान में यूजर्स को 1 दिन के लिए 20GB हाई स्पीड डेटा दिया जाता है। यह प्लान उन ग्राहकों के लिए काम का हो सकता है, जिन्हें किसी एक दिन ज्यादा इंटरनेट डेटा की जरूरत होती है और वे कम कीमत में डेटा लेना चाहते हैं।
1 रुपये में फ्रीडम ऑफर
BSNL ने नए ग्राहकों के लिए 1 रुपये वाला फ्रीडम ऑफर भी पेश किया है। इसके तहत नए यूजर्स को फ्री SIM कार्ड दिया जा रहा है। इस ऑफर की वैलिडिटी 24 दिनों की है। इसमें यूजर्स को रोजाना 1GB डेटा यानी कुल 24GB डेटा मिलता है। इसके साथ अनलिमिटेड वॉइस कॉलिंग और फ्री नेशनल रोमिंग की सुविधा भी दी जा रही है। कंपनी का यह ऑफर 12 सितंबर तक उपलब्ध है।
सालाना प्लान में 47 दिन की अतिरिक्त वैलिडिटी
BSNL अपने 365 दिन वाले एनुअल रिचार्ज प्लान पर भी खास ऑफर दे रहा है। इसके तहत ग्राहकों को 47 दिन की अतिरिक्त वैलिडिटी मिल रही है। यानी ऑफर के बाद इस प्लान की कुल वैलिडिटी 412 दिन हो जाएगी। इस प्लान में रोजाना 2GB हाई स्पीड डेटा और 100 SMS मिलते हैं। इसके अलावा अनलिमिटेड कॉलिंग और फ्री नेशनल रोमिंग की सुविधा भी दी जाती है। यह ऑफर भी 12 सितंबर तक उपलब्ध है।
1 लाख नए 4G/5G टावर लगाने की तैयारी
BSNL सिर्फ सस्ते रिचार्ज प्लान ही नहीं, बल्कि अपने नेटवर्क को भी मजबूत कर रहा है। कंपनी इस साल करीब 1 लाख नए 4G/5G टावर लगाने की तैयारी में है। इससे आने वाले समय में BSNL के नेटवर्क और इंटरनेट कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है।



