अतीश दीपंकर, भागलपुर। जिले में चर्चित बिल्डर बजरंगी कुमार हत्याकांड का पुलिस ने महज 12 घंटे में सनसनीखेज खुलासा कर दिया है, जिस ऑफिस में देर रात तक मुलाकात चल रही थी। वहीं, कुछ देर बाद खून बिखरा मिला और बिल्डर की लाश पड़ी थी। अब पुलिस का दावा है कि इस हत्या के पीछे अवैध संबंध और आपसी विवाद की कहानी छिपी थी।
पुलिस ने 12 घंटे के अदंर सुलझाई गुत्थी
तिलकामांझी थाना क्षेत्र के एक कार्यालय में बिल्डर बजरंगी कुमार की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। कल गुरुवार (2 जुलाई) को हुए इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे शहर को हिलाकर रख दिया था। लेकिन पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे के भीतर इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझा ली है।
संबंध बनाने के बाद प्रेमिका ने की हत्या
वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि बजरंगी कुमार का पिरपैंती की रहने वाली सीमा कुमारी के साथ अवैध संबंध था। घटना वाली रात भी सीमा उसके कार्यालय में मौजूद थी। पूछताछ में सीमा ने बताया कि दोनों के बीच शारीरिक संबंध बने, लेकिन इसके बाद किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
धारदार हथियार से गले पर किया वार
पुलिस के अनुसार विवाद के बाद बिल्डर बजरंगी नशे की हालत में सो गया। इसी का फायदा उठाकर सीमा ने कार्यालय में रखा धारदार दबिया उठाया और उसके गले पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। इसके बाद उसने शरीर के अन्य हिस्सों पर भी कई वार किए, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद वह वहां से निकल गई।
पुलिस ने आरोपी महिला को किया गिरफ्तार
हालांकि पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, वैज्ञानिक जांच और पूछताछ के आधार पर कुछ ही घंटों में पूरे मामले का खुलासा करते हुए सीमा कुमारी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल किया गया दबिया और मामले से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण सामान भी बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है और मामले में विधि-सम्मत कार्रवाई जारी है।
ये भी पढ़ें- ‘भरत तिवारी की हत्या हुई’, भोजपुर पहुंचे चिराग पासवान का बड़ा बयान, मांझी बोले- पुलिस ने सही किया

