अशोक कुमार जायसवाल, डीडीयू नगर. चंदौली जनपद में सराफा कारोबारियों पर लगातार दूसरे दिन भी बदमाशों ने हमला कर सनसनी फैला दी. अलीनगर थाना क्षेत्र के गोधना मोड़ के पास गुरुवार देर शाम दुकान बंद कर घर लौट रहे एक सर्राफा व्यापारी को बाइक सवार बदमाशों ने निशाना बना लिया.
बदमाशों ने पहले व्यापारी के साथ धक्का-मुक्की की और बैग छीनने का प्रयास किया. विरोध करने पर असलहे से फायर झोंक दिया। गोली लगते ही व्यापारी घायल होकर सड़क पर गिर पड़े, जिसके बाद बदमाश बैग लेकर मौके से फरार हो गए. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों की सूचना पर अलीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल व्यापारी को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया. प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया.
इसे भी पढ़ें : युवती पर कमेंट करना पड़ा भारी! कार गैराज मिस्त्री की पीट-पीटकर हत्या, छानबीन में जुटी पुलिस
बताया जा रहा है कि बाइक पर सवार तीन बदमाश ज्वेलरी शॉप के आसपास पहले से रेकी कर रहे थे. व्यापारी जैसे ही दुकान बंद कर निकले, बदमाशों ने वारदात को अंजाम दे दिया. घटना के बाद पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुट गई है. चंदौली के अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि, “घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी. कई टीमों को खुलासे के लिए लगाया गया है. सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है. जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा.”
व्यापारी के भाई राधेश्याम बिंद का बयान
घायल व्यापारी के भाई राधेश्याम बिंद ने बताया कि, “भाई दुकान बंद करके घर लौट रहे थे. रास्ते में तीन बदमाशों ने रोककर बैग छीनने की कोशिश की. विरोध करने पर गोली मार दी और बैग लेकर फरार हो गए. पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की गई है.” जिला अस्पताल के इमरजेंसी चिकित्सक चंद्रमणि सिंह ने बताया कि, “घायल को गोली लगने के बाद अस्पताल लाया गया था. प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है.” लगातार दूसरे दिन सर्राफा कारोबारियों पर हुए हमले से व्यापारियों में दहशत का माहौल है. सर्राफा एसोसिएशन ने सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है. वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.

