दीपक सोहले, बुरहानपुर। एमपी के बुरहानपुर के पुष्पक बस स्टैंड से चलने वाली बसों में यात्रियों की जान से खुला खिलवाड़ किया जा रहा है। बगैर परमिट और अनफिट बसें सड़कों पर दौड़ रही हैं और जिम्मेदार विभाग केवल चालानी कार्रवाई तक सीमित नजर आ रहे हैं। सवाल ये है कि अगर कोई बड़ा हादसा होता है तो जिम्मेदारी कौन लेगा ? यातायात या परिवहन विभाग ?

बुरहानपुर जिले में बस संचालकों की मनमानी चरम पर है। शासन-प्रशासन को ठेंगा दिखाते हुए अनफिट और बगैर परमिट बसों का संचालन धड़ल्ले से किया जा रहा है। पुष्पक बस स्टैंड से रोजाना हजारों यात्री सफर करते हैं, लेकिन उनकी सुरक्षा भगवान भरोसे है।

ये भी पढ़ें: MP के छिंदवाड़ा में बड़ा हादसा: 10 यात्रियों की दर्दनाक मौत, 40 से ज्यादा लोग घायल; वीडियो आया सामने

कार्रवाई के नाम पर सिर्फ चालान

बुरहानपुर से नेपानगर, फोपनार, चिल्लारा, शाहपुर और इच्छापुर जैसे ग्रामीण रूटों पर ये बसें खुलेआम दौड़ रही हैं। हालात ये हैं कि कार्रवाई के नाम पर सिर्फ चालान काटे जाते हैं, लेकिन इन खतरनाक बसों पर रोक लगाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया जाता। हर बार हादसे के बाद मुहिम चलाई जाती है और फिर सब कुछ पहले जैसा हो जाता है।

आम जनता को भुगतना पड़ता है खामियाजा

इन लापरवाहियों का खामियाजा आखिर आम जनता को ही भुगतना पड़ता है। वहीं यातायात विभाग का कहना है कि समय-समय पर चालानी कार्रवाई की जाती है, लेकिन सवाल ये है कि जब आरटीओ में ही जिम्मेदार अधिकारी नहीं हैं तो संयुक्त कार्रवाई कैसे हो रही है ? यातायात सूबेदार राजेश बारवाल ने कहा कि “हम समय-समय पर चालानी कार्रवाई करते हैं और आरटीओ के साथ मिलकर भी कार्रवाई की जाती है।”

ये भी पढ़ें: मशाल मार्च, कुआं और अब ट्रैक्टर ट्रॉली… खंडवा में गुरुवार का दिन ठीक नहीं, जानें वो बड़े हादसे जिसने पूरे देश को झकझोर कर रखा दिया

प्रभारी के भरोसे RTO विभाग

जिले में आरटीओ विभाग भी प्रभारी के भरोसे चल रहा है। विभाग में जिम्मेदार अधिकारियों की कमी साफ नजर आ रही है। सड़क सुरक्षा सप्ताह के दौरान भी नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही थी। अब देखना होगा कि कलेक्टर और एसपी इस गंभीर मुद्दे पर क्या कदम उठाते हैं। या फिर किसी बड़े हादसे के बाद ही प्रशासन की नींद टूटेगी। वहीं प्रभारी आरटीओ दीपक मांझी का कहना है कि “जांच कर ऐसे वाहनों पर कार्रवाई की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।”

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m