पंकज श्रीवास्तव, छपरा। सारण के तरैया थाना क्षेत्र में रविवार की देर रात बारातियों से भरी एक बस पलट गई, जिसके बाद वहां अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। देर रात हुई इस बस दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 5 से 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका इलाज स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।
नियंत्रण खोने की वजह से हुआ हादसा
घटना का कारण बस के चालक का स्पीड ब्रेकर पर से नियंत्रण हटाना बताया गया है। दुर्घटना में बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे सूखे पेड़ और बिजली के खंभे से टकराने के बाद पलट गई। यात्रियों के अनुसार यह बस वैशाली जिले के लालगंज से बारात लेकर जगदीशपुर जा रही थी। इस बीच सारण में वह इस हादसे का शिकार हो गई।
बस के नीचे दबने से एक की मौत
स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए बस के पिछले हिस्से के शीशे को तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला। इस हादसे में एक बाराती बस के नीचे दब गया था, जिसे जेसीबी मशीन की मदद से बाहर निकल गया और उसे तत्काल तरैया स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। यह घटना सारण जिले के तरैया प्रखंड के गंडार गांव में हुई है।
हादसे में 5 लोग गंभीर रूप से घायल
मृतक की पहचान वैशाली जिले के बिशनपुर अर्रा गैरोल निवासी मोहम्मद असगर 35 वर्ष के रूप में हुई है। हादसे में पांच लोग गंभीर रूप से घायल भी हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए छपरा रेफर कर दिया गया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद तरैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से राहत एवं बचाव अभियान चलाया।
दुर्घटना के उसे बस को सड़क से हटवा कर ट्रैफिक शुरू कराया गया है। वहीं, मृतक के शव को कब्जे में लेकर उले पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
ये भी पढ़ें- आसमान से मौत बनकर गिरी आकाशीय बिजली, बिहार में 9 लोगों की मौत, कई जिलों में अलर्ट जारी


