Lightning Strikes in Bihar: बिहार में हो रही लगातार बारिश से एक तरफ जहां किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। वहीं, दूसरी तरफ बारिश के दौरान आसमान से मौत बनकर गिरी आकाशीय बिजली कई परिवारों के लिए काल साबित हुई है। दरअसल बीते 24 घंटों के दौरान आकाशीय बिजली की चपेट में आने से अगल-अलग घटनाओं में 9 लोगों की मौत हो गई। नालंदा में सबसे अधिक 3 लोगों की ठनका गिरने से मौत हुई। वहीं, छपरा और सीवान में 2-2 लोगों की जान चली गई। जबकि रोहतास और बक्सर में 1-1 लोगों की मौत हुई। घटना के बाद से सभी मृतकों के परिजनों में मातम का माहौल छाया हुआ है।
रोहतास में दो लोगों की मौत
बता दें कि इनमें से ज्यादातर लोगों की मौत उस समय हुई, जब वे लोग बारिश के दौरान खेतों में धान की रोपाई या खेत से जुड़ा कार्य कर रहे थे। खेत में धान की रोपाई करते समय गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से रोहतास में एक किसान और एक 14 वर्षीय बालक की मौत हो गई। युवक अपने परिवार के साथ झारखंड से धान की रोपाई करने के लिए मजदूरी पर बिहार के रोहतास आया हुआ था।
नालंदा में 3 लोगों की जान गई
वहीं, नालंदा में खेत का काम कर रहे बुजुर्ग पर ठनका गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। बिजली की चपेट में आने से दो मवेशियों की भी जान चली गई। इसके अलावा कृष्णा बिगहा गांव में रविवार देर शाम खेत की जुताई के दौरान वज्रपात की चपेट में आने से 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई। जबकि एक अन्य किसान की भी बिजली गिरने और उसकी चपेट में आने से मौत हो गई।
सीवान में महिला की मौत
सारण के कोपा में धान की रोपाई करते समय ठनका गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। वहीं, एक लोग गंभीर रूप से झुलस गए। इसके अलावा सीवान के किशनुबाड़ी गांव में एक महिला और और मोरवन गांव में एक किसान की मौत हुई। जबकि बक्सर में किसान विजय सिंह की ठनका गिरने से मौत हो गई।
अगले 3 दिनों तक होगी झमाझम बारिश
इस बीच मौसम विभाग ने आज सोमवार (20 जुलाई) के लिए राज्य के 14 जिलों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताई है। इसके साथ ही विभाग ने अगले 3 दिनों तक प्रदेश के ज्यादातर जिलों में भारी और लगातार बारिश होने का अनुमान जताया है। इस दौरान आसमान से आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा बना रहेगा। वहीं, 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
लोगों से सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने बारिश के दौरान लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग के अनुसार बारिश के दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही कई जिलों में बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है। ऐसे में लोगों को बारिश के दौरान पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के आसपास खड़ा होने और किसानों को खेत में काम करने से बचने की सलाह दी गई है, क्योंकि इसी समय ज्यादातर लोगों के आकाशीय बिजली की चपेट में आने का खतरा रहता है।
ये भी पढ़ें- बिहार मानसून सत्र का आगाज: सदन में पेश होगा अनुपूरक बजट, बिना तेजस्वी के गरजेगा विपक्ष


