Bihar Monsoon Session: बिहार विधानमंडल का मानसून सत्र आज सोमवार 20 जुलाई से शुरू हो रहा है, जो 24 जुलाई तक चलेगा। पांच दिनों तक चलने वाले इस सत्र को लेकर लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। 20 जुलाई से शुरू होने वाला इस बार का मानसून सत्र कई मायनों में खास होने वाला है। सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार का यह पहला सत्र होगा, जिसमें वह अपने 100 दिनों के कार्यकाल की उपलब्धियों को सदन में पेश करेगा।
मानसून सत्र के पहले दिन सम्राट सरकार वित्तीय वर्ष 2026-27 का पहला अनुपूरक बजट पेश करेगी। इसके अलावा कई अहम विधेयक भी सदन में पेश किए जा सकते हैं। वहीं, पिछले 21 सालों में यह पहला मौका होगा, जब विधानमंडल की कार्यवाही के दौरान नीतीश कुमार सदन में मौजूद नहीं रहेंगे।
सरकार को घेरने की तैयारी में होगी विपक्ष
मानसून सत्र के दौरान विपक्ष सरकार को भरत तिवारी एनकाउंटर के मुद्दे पर घेरने की कोशिश करेगी। सत्र के दौरान विपक्षव के नेता भरत तिवारी एनकाउंटर, टेंडर घोटाला, महंगाई, भ्रष्टाचार, बढ़ते अपराध जैसे मुद्दों पर सम्राट सरकार को घेरने की कोशिश करेंगे। बता दें कि बहुमत परिक्षण के बाद सीएम सम्राट चौधरी की सरकार पहली बार सदन में उत्तर देगी। इस दौरान सम्राट सरकार अपने द्वारा किए गए विकास कार्यों, परियोजनाओं और वित्तीय प्रबंधन और नए एजेंडों पर जवाब देने की तैयारी में होगी।
पहले दिन सदन में पेश होगा अनुपूरक बजट
मानसून सत्र के पहले दिन यानी की 20 जुलाई को सरकार अनुपूरक बजट सदन में पेश करेगी। इसके साथ ही कई महत्वपूर्ण विधेयकों और वित्तीय प्रस्तावों को भी पारित किया जा सकता है। 21 जुलाई को सत्र के दूसरे दिन राजकीय विधेयकों एवं अन्य राजकीय कार्यों पर विचार किया जाएगा। 22 जुलाई को सत्र के तीसरे दिन राजकीय विधेयकों एवं अन्य राजकीय कार्यों का निष्पादन। वहीं, 23 जुलाई को वित्तीय वर्ष 2026-27 की प्रथम अनुपूरक व्यय विवरणी पर वाद-विवाद, मतदान एवं तत्संबंधी विनियोग विधेयक पर चर्चा और पारित कराने की प्रक्रिया। वहीं, मानसून सत्र के अंतिम दिन 24 जुलाई को गैर सरकारी सदस्यों के कार्य (गैर सरकारी संकल्प) के साथ सत्र का समापन होगा।
तेजस्वी की गैरमौजूदगी को लेकर उठ रहे सवाल
आज सोमवार से शुरू होने वाले मानसून विधानसभा के सत्र में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव संभवत: विधानसभा में मौजूद नहीं रहेंगे, जिसे लेकर सत्ता पक्ष के नेता विपक्ष पर निशाना साधने की कोशिश करेंगे। गौरतलब है कि तेजस्वी लंबे समय से विदेश यात्रा पर हैं। हालांकि वह पारिवारिक यात्रा पर हैं, या कोई आधिकारिक यात्रा इसे लेकर पार्टी और ना ही तेजस्वी की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने आई है।
ऐसे में एक तरफ जहां, पार्टी के नेता और प्रवक्ता अपना इस्तीफा दे रहे हैं। वहीं, बांकीपुर उपचुनाव सिर पर है। पार्टी की उम्मीदवार रेखा गुप्ता अपने अकेले दम पर प्रचार-प्रसार में जुटी हुई हैं। पार्टी के नेता भी उनके समर्थन में प्रचार करते हुए नजर नहीं आ रहे हैं। वहीं, नेता प्रतिपक्ष और पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव कहां है? इस बात की किसी को सही जानकारी ही नहीं है। ऐसे में तेजस्वी के नेतृत्व और उनकी गैरमौजूदगी को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
ये भी पढ़ें- Bihar Morning News: मानसून सत्र का आगाज, बांकीपुर उपचुनाव को लेकर हलचल तेज, कांग्रेस की PC


