टिहरी गढ़वाल. शिवपुरी के पास ऋषिकेश-बद्रीनाथ नेशनल हाईवे (Rishikesh-Badrinath National Highway) पर यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गई. गनीमत यह रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई, लेकिन इस हादसे में 7 लोग घायल हुए हैं. जिसमें यूपी की एक महिला भी गंभीर रूप से घायल हो गई है.

खिड़की बंद करने की कोशिश पड़ी भारी

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी के मुताबिक बस में ड्राइवर और कंडक्टर सहित कुल 25 यात्री सवार थे. ये सभी यात्री बद्रीनाथ धाम के दर्शन कर हरिद्वार लौट रहे थे. प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बस की एक खिड़की अचानक खुल गई थी, जिसे बंद करने की कोशिश में ड्राइवर का ध्यान भटक गया और उसने वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया. इस वजह से बस बीच सड़क पर ही पलट गई.

इसे भी पढ़ें : विकास छोड़कर सबकी बातें होंगी! हरीश रावत बोले- रोजगार और जनकल्याण की जगह फीजूल की बातों में उलझा रही पार्टी

यूपी की महिला घायल, ऋषिकेश में भर्ती

मुनि की रेती थाना पुलिस और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया. हादसे में उत्तर प्रदेश के लखीमपुर की रहने वाली तनु गुप्ता घायल हुई हैं. उन्हें तत्काल 108 एम्बुलेंस सेवा की मदद से ऋषिकेश के सरकारी अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों के अनुसार, तनु गुप्ता की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है और अन्य सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं.