० लव मैरिज के दो साल बाद उठाया खौफनाक कदम, पुलिस वायरल वीडियो की जांच में जुटी

फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद में 28 वर्षीय एक गारमेंट कारोबारी ने अपनी दुकान के अंदर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले युवक ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उसने पत्नी और ससुराल पक्ष पर मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान राहुल (28) के रूप में हुई है, जो बल्लभगढ़ के सेक्टर-3 स्थित हाउसिंग बोर्ड का निवासी था। वह सेक्टर-3 में गारमेंट की दुकान चलाता था, जिसे उसने करीब चार महीने पहले शुरू किया था। रविवार सुबह राहुल दुकान पहुंचा और कुछ देर बाद उसका शव दुकान के अंदर फंदे से लटका मिला।

परिजनों के मुताबिक राहुल ने करीब दो साल पहले ज्योति नाम की युवती से प्रेम विवाह किया था। उनका आरोप है कि शादी के बाद पारिवारिक विवाद बढ़ने लगे और राहुल मानसिक तनाव में रहने लगा। परिवार का कहना है कि पत्नी उसे माता-पिता से मिलने तक नहीं देती थी और उसके खिलाफ कानूनी मामला भी दर्ज कराया गया था।


मानसिक एवं शारीरिक प्रताड़ना का लगाया आरोप
आत्महत्या से पहले राहुल ने इंस्टाग्राम पर साझा किए गए वीडियो में पत्नी, सास, ससुर और साली पर मानसिक एवं शारीरिक प्रताड़ना के आरोप लगाए। वीडियो में उसने दावा किया कि वह पत्नी के लिए घर के सभी काम करता था, इसके बावजूद उसके साथ मारपीट की जाती थी और झूठे मामलों में फंसाया गया। उसने अपनी मौत के लिए पत्नी और ससुराल पक्ष को जिम्मेदार ठहराते हुए उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग भी की।

वायरल वीडियो को बनाया जाँच का हिस्सा
पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को जांच का हिस्सा बनाया गया है। जांच अधिकारी संजय कुमार के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी। वीडियो में लगाए गए आरोपों की सत्यता की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।