पानीपत। जिले के मतलौडा इलाके में गुरुवार रात एक हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक लकड़ी कारोबारी का उसके घर के बाहर से फिल्मी स्टाइल में अपहरण कर लिया गया। पीड़ित की पहचान 35 वर्षीय दिलावर के रूप में हुई है, जो दो बच्चों का पिता है। घटना के बाद से ही उसके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

दोस्त ने ही बिछाया जाल

कारोबारी के भाई अमित और ससुर रमेश ने बताया कि गुरुवार रात करीब 9 बजे दिलावर अपने घर पर था। तभी उसके पास इसराना निवासी उसके एक दोस्त का फोन आया। दोस्त ने उसे जरूरी काम का बहाना देकर घर के बाहर सड़क पर बुलाया। जैसे ही दिलावर घर से बाहर निकला, वहां पहले से ही एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी खड़ी थी। इसमें उसका दोस्त और 4 अन्य युवक सवार थे।

जबरदस्ती गाड़ी में डाला

मौके पर पहुंचते ही दिलावर और गाड़ी में बैठे युवकों के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने उसे जबरदस्ती गाड़ी के भीतर खींच लिया। इसके बाद आरोपी गाड़ी को तेज रफ्तार में दौड़ाते हुए मौके से फरार हो गए। अपहरण की यह पूरी वारदात वहीं पास में खड़े एक परिचित ने देख ली और तुरंत परिजनों को सूचित किया।

पुलिस की दबिश और जांच

घटना की जानकारी मिलते ही मतलौडा थाना पुलिस और आला अधिकारी सतर्क हो गए। एसपी के आदेश पर सीआईए और स्थानीय पुलिस की कई टीमें बदमाशों का पीछा करने में जुट गईं। पुलिस की मुस्तैदी का ही नतीजा है कि उन्होंने मुख्य साजिशकर्ता, यानी दिलावर के उस दोस्त को राउंडअप कर लिया है, जिसने उसे फोन करके बुलाया था। हालांकि बाकी आरोपी अभी भी फरार हैं। पुलिस की टीमें कारोबारी की तलाश में सोनीपत की तरफ रवाना हो गई हैं।