कुंदन कुमार, पटना। बक्सर के ऐतिहासिक किला मैदान में आज रविवार (13, सितंबर) विश्वामित्र सेना की ओर से सनातन गौरव सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में हजारों की संख्या में महिला और पुरुष सनातनियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान सनातन संस्कृति, एकजुटता और सामाजिक अधिकारों को लेकर संदेश दिया गया।

आरक्षण व्यवस्था पर समीक्षा की मांग

वहीं, इस मौके पर कल सोमवार तीज महापर्व को लेकर विश्वामित्र सेना की ओर से सम्मेलन में शामिल महिलाओं को साड़ी भी वितरित की गई। सम्मेलन के बाद पत्रकारों से बातचीत में विश्वामित्र सेना के राष्ट्रीय संयोजक राजकुमार चौबे ने आरक्षण के मुद्दे पर नेताओं पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को आरक्षण का लाभ मिलना चाहिए, उन्हें इसका फायदा नहीं मिल रहा है, जबकि नेता आरक्षण का लाभ ले रहे हैं। उन्होंने आरक्षण व्यवस्था की समीक्षा की मांग की।

चिराग और मांझी पर साधा निशाना

राजकुमार चौबे ने राजनीतिक इशारों में चिराग पासवान और जीतन राम मांझी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि, कुछ लोग दलितों का नेता होने का दावा करते हैं, दलितों के घर जाकर खाना खाते हैं, लेकिन वापस अपने घर जाकर बोतलबंद पानी से हाथ धोते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसे लोग आखिर दलितों के नेता कैसे हो सकते हैं। राजकुमार चौबे ने कहा कि जो खुद को दलितों का नेता बताते हैं, वे ही दलित समाज के साथ धोखा कर रहे हैं। उन्होंने सामाजिक न्याय और आरक्षण व्यवस्था की नए सिरे से समीक्षा की जरूरत बताई।

ये भी पढ़ें- ‘जदयू मतलब नीतीश कुमार’, JDU का नाम बदलने पर उमेश सिंह कुशवाहा का बड़ा बयान