Automobile Desk : भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग लगातार बढ़ रही है, और इस रेस में टाटा मोटर्स (Tata Moters) का दबदबा साफ नजर आ रहा है। देश की प्रमुख वाहन निर्माता कंपनी टाटा मोटर्स के बेड़े में पेट्रोल, डीजल, सीएनजी और इलेक्ट्रिक (EV) सभी तरह के विकल्प मौजूद हैं। हालांकि, अगस्त के महीने में कंपनी की अलग-अलग गाड़ियों के वेटिंग पीरियड में एक बड़ा अंतर देखा जा रहा है। जहां एक तरफ पेट्रोल और डीजल वेरिएंट्स की डिलीवरी काफी जल्दी मिल रही है, वहीं दूसरी तरफ कुछ चुनिंदा इलेक्ट्रिक कारों को घर लाने के लिए ग्राहकों को महीनों का लंबा इंतजार करना पड़ सकता है।

टाटा की लोकप्रिय हैचबैक Tiago EV और कॉम्पैक्ट SUV Punch EV के एंट्री-लेवल वेरिएंट्स की बाजार में सबसे ज्यादा मांग देखी जा रही है। यही वजह है कि Tiago EV के Smart 19 और Pure+ 19 वेरिएंट के साथ-साथ Punch EV के Smart 30 वेरिएंट को बुक करने पर 18 से 24 हफ्तों (करीब 4 से 6 महीने) तक की लंबी वेटिंग मिल रही है। इसके अलावा Punch EV के Smart 40 वेरिएंट के लिए 10 से 12 हफ्ते और Sierra EV Pure 65 के लिए ग्राहकों को 12 से 15 हफ्ते तक रुकना पड़ सकता है।
दूसरी ओर, जो ग्राहक बिना किसी लंबे इंतजार के नई टाटा कार तुरंत खरीदना चाहते हैं, उनके लिए भी शोरूम में कई बेहतरीन विकल्प मौजूद हैं। कंपनी की प्रीमियम हैचबैक Altroz और कॉम्पैक्ट सेडान Tigor के सभी इंजन विकल्पों पर महज 1 से 2 हफ्ते का ही समय लग रहा है। इसके अलावा, Curvv EV, Curvv पेट्रोल और Nexon के पेट्रोल-सीएनजी मॉडल भी बुकिंग के 1 से 2 हफ्ते के भीतर ग्राहकों तक पहुंचाए जा रहे हैं। Curvv डीजल के लिए इंतजार की अवधि 2 से 3 हफ्ते बनी हुई है।
कंपनी की अन्य गाड़ियों की बात करें तो Nexon के डीजल और इलेक्ट्रिक वेरिएंट्स के लिए 3 से 4 हफ्ते की वेटिंग चल रही है। वहीं, Tiago और Punch के पेट्रोल व सीएनजी Smart वेरिएंट्स को डिलीवरी तक पहुंचने में 10 से 12 हफ्ते लग सकते हैं, जबकि इनके बाकी अन्य वेरिएंट्स 4 से 7 हफ्ते में आसानी से मिल रहे हैं। Sierra के पेट्रोल Smart मॉडल पर 6 से 8 हफ्ते की वेटिंग है, जबकि इसके अन्य पेट्रोल-डीजल मॉडल 2 से 6 हफ्ते में डिलीवर हो रहे हैं।
फ्लैगशिप SUVs के सेगमेंट में Harrier और Safari के पेट्रोल वेरिएंट्स पर भी 10 से 12 हफ्ते का समय लग रहा है, जबकि इनके डीजल मॉडल को केवल 2 से 3 हफ्ते में घर लाया जा सकता है। सबसे दिलचस्प बात यह है कि बड़ी SUV श्रेणी में Harrier EV की उपलब्धता काफी बेहतर बनी हुई है, जिसकी डिलीवरी महज 2 से 3 हफ्तों में दी जा रही है।
ऑटो विशेषज्ञों का मानना है कि गाड़ियों पर चल रहा यह वेटिंग पीरियड देश के अलग-अलग शहरों, स्थानीय डीलरशिप्स, रंग और स्टॉक की उपलब्धता के आधार पर अलग हो सकता है। ऐसे में खरीदारों के लिए सबसे बेहतर तरीका यही होगा कि वे अपनी पसंदीदा कार बुक करने से पहले अपने नजदीकी टाटा मोटर्स शोरूम पर जाकर सटीक समय की पुष्टि कर लें।

